बरेली : शहर के इज्जतनगर थाना क्षेत्र के 100 फुटा रोड पर देर शाम हुई लूट की वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। कार में बैठे डॉक्टर से दो बदमाशों ने मोबाइल फोन छीन लिया। पीड़ित डॉक्टर का नाम मुहम्मद अफ़ताब अली है, जो पेशे से डॉक्टर हैं और एक पूर्व भाजपा सांसद धर्मेंद्र कश्यप के पीआरओ बशारत मियां के बेटे हैं।
कार के शीशे पर पीटते रहे हाथ, फिर छीना मोबाइल

पीड़ित डॉक्टर मुहम्मद अफ़ताब के अनुसार, दो युवक अचानक उनकी कार के शीशे पर आकर जोर-जोर से हाथ पीटने लगे और बातचीत के बहाने शीशा नीचे कराने की कोशिश करने लगे, जैसे ही उन्होंने शीशा नीचे किया, बदमाशों ने उनके हाथ से मोबाइल फोन छीन लिया और मौके से फरार हो गए। यह पूरी वारदात कुछ ही सेकेंड में अंजाम दी गई, जिससे पीड़ित को संभलने का मौका तक नहीं मिला। इस लूट की घटना को दो अज्ञात युवकों ने अंजाम दिया। इसके बाद फरार हो गए। इस वारदात के बाद आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बन गया। इस मामले में पीड़ित डॉक्टर ने इज्जतनगर थाने को सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने मौके पर जांच पड़ताल की। पुलिस पीड़ित डॉक्टर की तहरीर पर मुकदमा दर्ज करने की कोशिश में जुटी है।
SHO इज्जतनगर का बयान
इस मामले को लेकर SHO इज्जतनगर ने बताया कि जैसे ही घटना की सूचना मिली, पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंच गई। पुलिस द्वारा आसपास के इलाके में छानबीन की जा रही है और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
