बरेली : यूपी के बरेली में पशुओं को खतरनाक बीमारी एफएमडी (मुंहपका-खुरपका) से बचाने के लिए चल रहे सरकारी टीकाकरण अभियान के दौरान एक गंभीर और चौंकाने वाली घटना सामने आई है। जिले के क्यारा ब्लॉक के लालपुर गांव में सरकारी ड्यूटी पर तैनात महिला पशुधन प्रसार अधिकारी के साथ न सिर्फ गाली-गलौज की गई, बल्कि ईंट से जानलेवा हमला करने की कोशिश, सरकारी एफएमडी वैक्सीन छीनकर जमीन पर फेंकने और सरकारी कार्य में बाधा डालने का आरोप भी लगा है। इस मामले में पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सरकारी आदेश पर पहुंची थीं टीकाकरण करने
जानकारी के अनुसार, क्यारा ब्लॉक स्थित पशु सेवा केंद्र में तैनात पशुधन प्रसार अधिकारी स्नेह सिंह राठौर सरकारी निर्देशों के तहत लालपुर गांव में एफएमडी टीकाकरण के लिए पहुंची थीं। तहरीर में बताया गया कि गांव निवासी एक व्यक्ति ने अपने दो बेटों के साथ अपने पशुओं का टीकाकरण कराने से साफ इनकार कर दिया और विरोध शुरू कर दिया।
भीड़ ने घेरा, ईंट से हमला करने का आरोप
आरोप है कि देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने महिला अधिकारी को घेर लिया। इस दौरान गाली-गलौज की गई और ईंट उठाकर जान से मारने की कोशिश की गई। हालात इतने बिगड़ गए कि महिला अधिकारी को अपनी सुरक्षा के लिए पीछे हटना पड़ा।
सरकारी वैक्सीन छीनी, जमीन पर फेंकी
तहरीर के मुताबिक, आरोपियों ने सरकारी टीकाकरण सामग्री और एफएमडी वैक्सीन छीनकर जमीन पर फेंक दी, जिससे न सिर्फ सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचा, बल्कि पूरे गांव में चल रहा टीकाकरण अभियान भी बाधित हो गया। इस घटना के चलते पशुओं में संक्रामक बीमारी फैलने का खतरा भी बढ़ गया है।
महिला अधिकारियों की सुरक्षा पर उठे सवाल
इस घटना ने सरकारी कर्मचारियों, खासकर महिला अधिकारियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जनहित से जुड़े टीकाकरण जैसे अभियानों में इस तरह की हिंसा और बाधा प्रशासनिक व्यवस्था के लिए बड़ी चुनौती मानी जा रही है।
उच्च अधिकारियों से की शिकायत
पीड़िता ने पूरे मामले की शिकायत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, जिलाधिकारी, अपर निदेशक (ग्रेड-2) पशुपालन विभाग, मुख्य पशुचिकित्साधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी को भेजी है।शिकायत में आरोपियों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा, जान से मारने की कोशिश और सरकारी संपत्ति को नुकसान जैसी धाराओं में सख्त कार्रवाई की मांग की गई है।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
महिला अधिकारी की तहरीर के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
