बरेली: रंगों के पर्व होली की तारीख जैसे-जैसे नजदीक आ रही है, वैसे-वैसे रेलवे स्टेशनों पर भीड़ और यात्रियों की बेचैनी बढ़ती जा रही है। घर पहुंचकर होली मनाने की उम्मीद लगाए यात्रियों के लिए मार्च का पहला सप्ताह सबसे चुनौतीपूर्ण साबित हो रहा है। बरेली से होकर गुजरने वाली अधिकांश अप-डाउन ट्रेनों में कन्फर्म टिकट मिलना फिलहाल टेढ़ी खीर बना हुआ है।बुकिंग चार्ट खुलते ही यात्रियों की धड़कनें बढ़ जाती हैं। वेटिंग लिस्ट लंबी होती जा रही है और कई ट्रेनों में तो बुकिंग तक बंद कर दी गई है। अब यात्रियों की निगाहें रेलवे द्वारा घोषित की जाने वाली होली स्पेशल ट्रेनों पर टिकी हुई हैं।
195 ट्रेनों का संचालन, लेकिन कोहरे ने बढ़ाई मुश्किलें
बरेली होकर प्रतिदिन औसतन 195 ट्रेनों का आवागमन होता है, लेकिन इन दिनों कोहरे के कारण रेल संचालन पर असर पड़ा है। करीब 38 ट्रेनें निरस्त चल रही हैं। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, मार्च के पहले सप्ताह से इन ट्रेनों का संचालन दोबारा शुरू होगा, लेकिन उससे पहले ही इनकी अग्रिम बुकिंग फुल हो चुकी है। नतीजा यह है कि मार्च के पहले हफ्ते की लगभग सभी प्रमुख ट्रेनों की सीटें पहले से ही भर गई हैं।
होली पर टिकटों की ‘तालेबंदी’, लोकप्रिय ट्रेनों में लंबी वेटिंग
होली के पीक सीजन में कई लोकप्रिय ट्रेनों में भारी वेटिंग के चलते टिकट बुकिंग पर रोक लगानी पड़ी है। इन ट्रेनों में शामिल हैं-वाराणसी- आनंद विहार साप्ताहिक, राजधानी एक्सप्रेस (20503-04), श्रमजीवी एक्सप्रेस (12392-91), अवध-असम एक्सप्रेस (15910-09), सहरसा गरीब रथ (12204-05), दिल्ली- हावड़ा साप्ताहिक सुपरफास्ट (12372-73), मुजफ्फरपुर सुपरफास्ट (19269), इसके अलावा वाराणसी गरीब रथ (22542-43), काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस (15127), राप्ती गंगा एक्सप्रेस (15005-06), अयोध्या एक्सप्रेस, पद्मावत एक्सप्रेस और लखनऊ मेल जैसी ट्रेनों में भी होली के आसपास टिकट मिलना लगभग नामुमकिन हो गया है।
होली स्पेशल ट्रेनें ही आखिरी उम्मीद
यात्रियों को अब केवल एक ही राहत की उम्मीद दिखाई दे रही है, होली स्पेशल ट्रेनें। रेलवे यदि समय रहते विशेष ट्रेनों की घोषणा करता है और उनके फेरे बढ़ाता है, तो हजारों यात्रियों को राहत मिल सकती है। स्टेशन परिसर, रिजर्वेशन काउंटर और ऑनलाइन टिकट पोर्टल पर यही चर्चा है कि स्पेशल ट्रेनों का ऐलान कब होगा।
घर पहुंचने की जद्दोजहद जारी
फिलहाल, होली से पहले घर पहुंचने की जद्दोजहद जारी है। यात्री रोजाना चार्ट और वेटिंग स्टेटस पर नजर बनाए हुए हैं। अब सबकी निगाहें रेलवे की अगली घोषणा पर टिकी हैं। क्या होली से पहले यात्रियों को राहत मिलेगी या टिकट की मार रंगों के त्योहार की खुशी फीकी कर देगी।इसका जवाब जल्द सामने आ सकता है।
