बरेली : यूपी के बरेली देहात की बहेड़ी क्षेत्र के भूड़िया कॉलोनी ग्राम उतरसिया सामुखिया स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में मूलभूत सुविधाओं की भारी कमी सामने आने के बाद छात्राओं का आक्रोश फूट पड़ा। रविवार सुबह विद्यालय की करीब 70 छात्राएं अव्यवस्थाओं से तंग आकर भूख हड़ताल पर बैठने की बात सामने आई है। बताया जाता है कि छात्राओं के इस कदम से विद्यालय प्रशासन में हड़कंप मच गया। विद्यालय में कुल 140 छात्राएं पंजीकृत हैं, लेकिन वर्तमान में सिर्फ 70 छात्राएं ही रह रही हैं। छात्राओं का आरोप है कि आवासीय व्यवस्था बदहाल है।विद्यालय में केवल 40 बेड उपलब्ध हैं, जबकि बाकी छात्राओं को जमीन पर सोने को मजबूर होना पड़ रहा है।
पानी, बिजली और भोजन तक के लिए तरस रहीं छात्राएं
छात्राओं ने आरोप लगाया कि कि उन्हें समय पर पीने का पानी, बिजली, भोजन, स्टेशनरी और दैनिक उपयोग की आवश्यक सामग्री उपलब्ध नहीं कराई जा रही है। पीने के पानी की समस्या बेहद गंभीर बनी हुई है, तो वहीं लगातार बिजली कटौती के कारण पढ़ाई भी बुरी तरह प्रभावित हो रही है। छात्राओं का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद हालात में कोई सुधार नहीं हुआ।
विद्यालय इंचार्ज पर अनदेखी का आरोप
विद्यालय में कुल आठ शिक्षक तैनात हैं, जिनमें पांच पूर्णकालिक और तीन अंशकालिक शिक्षक शामिल हैं।छात्राओं ने विद्यालय इंचार्ज संगीता भास्कर पर पढ़ाई और रहन-सहन से जुड़ी सुविधाओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि समस्याएं लगातार बताने के बाद भी प्रशासन गंभीरता नहीं दिखा रहा।
समझाने के बाद टूटी भूख हड़ताल
भूख हड़ताल की सूचना मिलने पर ग्रामीणों और शिक्षकों ने मौके पर पहुंचकर छात्राओं को समझाया।इसके बाद छात्राओं ने भूख हड़ताल समाप्त कर भोजन ग्रहण किया। ग्राम प्रधान संदीप सिंह ने पानी की समस्या को लेकर दो दिन के भीतर हेडपंप दुरुस्त कराने का आश्वासन दिया।
ABVP ने उठाई सुविधाएं तत्काल देने की मांग
इसी दौरान अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता प्रद्युम्न गंगवार के नेतृत्व में कार्यकर्ता विद्यालय पहुंचे और छात्राओं को सभी मूलभूत सुविधाएं तत्काल उपलब्ध कराने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द सुधार नहीं हुआ तो, आंदोलन किया जाएगा।
जानें क्या बोला विद्यालय प्रशासन
विद्यालय इंचार्ज संगीता भास्कर ने मीडिया को बताया कि छात्राओं की समस्याओं को गंभीरता से लिया गया है और जल्द ही सभी कमियों को दूर कराया जाएगा।
