बरेली: बरेली पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में की गई कार्रवाई में अफीम और स्मैक की बड़ी मात्रा बरामद की गई है, जिसकी बाजार में कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने इस अवैध कारोबार में शामिल कई आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
सीबीगंज से अफीम बरामद, लाखों की कीमत

थाना सीबीगंज पुलिस ने रामपुर रोड स्थित बंडिया नहर कट के पास से रेहान नामक युवक को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके पास से करीब 630 ग्राम अवैध अफीम बरामद हुई। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक बरामद अफीम की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 6 से 8 लाख रुपये बताई जा रही है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर कोर्ट में पेश किया जा रहा है।
बारादरी इलाके में स्मैक के साथ तीन आरोपी पकड़े गए
वहीं थाना बारादरी पुलिस ने डेंटल कॉलेज के पीछे वाले रास्ते पर छापेमारी कर तीन युवकों देवेश सिंह, कमल कुमार और अनिकेत साहू को गिरफ्तार किया। उनके पास से करीब 312 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई, जिसकी बाजार कीमत लगभग 30 से 35 लाख रुपये आंकी जा रही है। एक अन्य आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश तेज कर दी गई है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज हुआ मामला
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। बरामद नशीले पदार्थों को जब्त कर आगे की जांच की जा रही है।
