अमरोहा : पचोकरा गांव में बुधवार दोपहर उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक महिला की दिनदहाड़े चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद पूरे गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और हालात को संभालने के लिए पांच थानों की पुलिस फोर्स मौके पर तैनात कर दी गई।
जानकारी के मुताबिक, मृतक महिला किसी दावत में शामिल होकर वापस अपने घर लौट रही थी। जैसे ही वह घर के पास पहुंची, तभी दूसरी बिरादरी के एक युवक ने उसे रोक लिया। इससे पहले कि महिला कुछ समझ पाती, आरोपी ने अचानक चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई। महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग दौड़े, लेकिन तब तक आरोपी मौके से फरार हो चुका था। हत्या की खबर फैलते ही गांव में भारी भीड़ जमा हो गई। गुस्साए ग्रामीण आरोपी के घर की ओर बढ़ने लगे, जिससे हालात और बिगड़ने लगे। बताया जा रहा है कि आरोपी युवक ने खुद को घर के अंदर बंद कर लिया है।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए खुद पुलिस अधीक्षक गांव पहुंचे और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने अतिरिक्त फोर्स बुलाकर भीड़ को नियंत्रित किया और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की। तनावपूर्ण माहौल के चलते फिलहाल शव को मौके से नहीं उठाया जा सका है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात है और हालात पर नजर रखी जा रही है।
