बरेली: शहर में नशे की तस्करी पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अफीम तस्कर और दो स्मैक विक्रेताओं को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से लाखों रुपये की कीमत का नशीला पदार्थ बरामद हुआ है।
बारादरी पुलिस ने 9 लाख की अफीम के साथ पकड़ा आरोपी
थाना बारादरी पुलिस ने गश्त के दौरान आला हजरत रोड से सुमित कुमार नामक युवक को गिरफ्तार किया। तलाशी में उसके पास से 354 ग्राम अफीम बरामद हुई, जिसकी कीमत करीब 9 लाख रुपये बताई जा रही है। आरोपी बदायूं जिले का रहने वाला है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश करने की तैयारी शुरू कर दी है। एक अन्य आरोपी अर्जुन की तलाश भी जारी है।
इज्जतनगर में स्मैक बेचते दो युवक गिरफ्तार

वहीं थाना इज्जतनगर पुलिस ने सूचना पर पीलीभीत रोड स्थित स्टेट वेयरहाउस के सामने से दो युवकों को गिरफ्तार किया। जिसमें युनूस के पास से 13 ग्राम और जबकि शाकिर के पास से 12 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। दोनों आरोपी बारादरी थाना क्षेत्र के निवासी हैं।
ट्रक ड्राइवरों को बेचते थे नशा
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे स्मैक बंटी उर्फ फिरोज नामक व्यक्ति से खरीदते थे और मंडी डेलापीर व आसपास आने वाले ट्रक चालकों को बेचते थे। पुलिस अब सप्लायर की तलाश में जुट गई है।
एनडीपीएस एक्ट में दर्ज हुए मुकदमे
तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित थानों में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज कर उन्हें कोर्ट में पेश किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि नशे के कारोबार पर आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
