बरेली : बहेड़ी थाना क्षेत्र से एक दुखद घटना सामने आई है। बहेड़ी कोतवाली में तैनात होमगार्ड नेत्रपाल गंगवार शुक्रवार शाम उस वक्त सड़क किनारे बेहोशी की हालत में मिले, जब वह ड्यूटी पूरी कर बाइक से अपने घर जा रहे थे। राहगीरों ने उन्हें नारायण नगला के आगे सड़क किनारे बाइक के पास गिरा हुआ देखा और तुरंत परिजनों को सूचना दी।
निजी अस्पताल से सरकारी अस्पताल तक ले जाया गया
सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में नेत्रपाल को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां डॉक्टरों ने उनकी हालत गंभीर बताकर सरकारी अस्पताल रेफर कर दिया। लेकिन सरकारी अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक के भाई राम खिलावन ने आशंका जताई है कि नेत्रपाल गंगवार की मौत हार्ट अटैक से हो सकती है। हालांकि अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
गांव खमरिया के रहने वाले थे नेत्रपाल
नेत्रपाल गंगवार मूल रूप से थाना शीशगढ़ क्षेत्र के ग्राम खमरिया के निवासी थे। वह काफी समय से बहेड़ी थाने में होमगार्ड के पद पर कार्यरत थे और अपने सरल व मिलनसार स्वभाव के लिए जाने जाते थे।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
नेत्रपाल अपने पीछे दो बेटियां और करीब 15 साल का एक बेटा लक्की छोड़ गए हैं। अचानक हुई इस मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है और गांव में भी शोक का माहौल है।
पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव
थाना शीशगढ़ पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।
