बरेली : यूपी के बरेली देहात की नवाबगंज कोतवाली थाना क्षेत्र के रिछोला क्षेत्र में निर्माणाधीन हाईवे पर रील और वीडियो शूटिंग के दौरान दर्दनाक हादसे में मौत हो गई। फैजान अपने दोस्तों के साथ बिजोरिया रोड पर कंटेंट बना रहा था, तभी ऊपर से भारी पत्थर गिर गया, जो सीधे उसके सिर और शरीर पर लगा। गंभीर चोटों के कारण फैजान में मौके पर ही दम तोड़ दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा अचानक हुआ और कोई कुछ करने से पहले ही सब कुछ खत्म हो गया। घटना के बाद वहां चीख -पुकार मच गई और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
जांच में जुटी पुलिस
नवाबगंज थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हादसे की जांच के साथ यह भी देखा जा रहा है कि निर्माण स्थल पर सुरक्षा मानक पर्याप्त थे या नहीं। किसी तरह की लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
SRK के नाम से सैलून
मृतक फैजान “SRK” नामक हेयर सैलून का मालिक था और मिलनसार स्वभाव के कारण इलाके में लोकप्रिय था। उसकी असमय मौत से परिवार और मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई है। पिता हाजी मेहदी हसन पूरी तरह टूट चुके हैं और परिवार ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। यह हादसा निर्माणाधीन जगहों पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर गंभीर सवाल उठाता है। बिना उचित सुरक्षा इंतजामों के ऐसे स्थानों पर जाने वाले लोगों का जीवन हमेशा जोखिम में रहता है।
