डीएम ने अधिकारियों-कर्मचारियों को दिलाई शपथ, प्रलोभन से दूर रहकर करें वोट, वयोवृद्ध मतदाताओं और उत्कृष्ट बीएलओ/सुपरवाइजर को किया गया सम्मानित
बरेली : 16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर शनिवार को राजकीय इंटर कॉलेज के ऑडिटोरियम में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी अविनाश सिंह द्वारा माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।इस अवसर पर डीएम ने कहा कि वर्ष 2011 से प्रत्येक वर्ष 25 जनवरी को राष्ट्रीय मतदाता दिवस मनाया जाता है, जिसका उद्देश्य मतदाताओं को जागरूक करना और मतदान के महत्व को समझाना है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती मताधिकार से जुड़ी है, और हर नागरिक का दायित्व है कि वह निर्भीक होकर मतदान करें।
पोलिंग बूथ तक मतदाता को लाना राष्ट्र के प्रति दायित्व

डीएम अविनाश सिंह ने कहा कि मतदाताओं को घरों से निकालकर पोलिंग बूथ तक लाना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने अपील की कि मतदान के समय किसी भी प्रकार के प्रलोभन से प्रभावित न हों और निष्पक्षता के साथ वोट करें। नवीन मतदाताओं को जोड़ने को उन्होंने राष्ट्रीय कार्य बताते हुए बीएलओ से इसे पूरी निष्ठा से करने का आह्वान किया।
अधिकारियों, कर्मचारियों और छात्रों को दिलाई गई शपथ
इस दौरान डीएम ने उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों और छात्र-छात्राओं को लोकतंत्र और निष्पक्ष निर्वाचन की शपथ दिलाई। शपथ में सभी ने धर्म, जाति, वर्ग, भाषा या किसी भी प्रलोभन से ऊपर उठकर स्वतंत्र और शांतिपूर्ण चुनाव में मतदान करने का संकल्प लिया।
91 वर्षीय, और 85 वर्षीय मतदाताओं का सम्मान

कार्यक्रम में वयोवृद्ध मतदाताओं को सम्मानित किया गया। विधानसभा क्षेत्र 123-बिथरीचैनपुर के 91 वर्षीय रामऔतार शर्मा तथा विधानसभा क्षेत्र 125-बरेली कैंट की 85 वर्षीय कुसुमलता पाराशरी को शाल ओढ़ाकर और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
उत्कृष्ट कार्य करने वाले बीएलओ और सुपरवाइजर सम्मानित

विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने वाले विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के बीएलओ और सुपरवाइजरों को प्रशस्ति पत्र और प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही वीआरसी के कंप्यूटर सहायकों एवं निर्वाचन कार्यालय के कर्मचारियों को भी सम्मान प्रदान किया गया।
छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से बांधा समां

कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने सरस्वती वंदना, मतदाता जागरूकता गीत, नुक्कड़ नाटक और देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए। स्लोगन, भाषण, निबंध और पोस्टर प्रतियोगिता में विजेता रहे छात्र-छात्राओं को भी सम्मानित किया गया।
अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति
कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी प्रशासन पूर्णिमा सिंह, एडीएम (वित्त एवं राजस्व)/उप जिला निर्वाचन अधिकारी संतोष कुमार सिंह,अपर जिलाधिकारी न्यायिक देश दीपक, नगर मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री, पुलिस अधीक्षक नगर सहित बड़ी संख्या में अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। अंत में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) द्वारा सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया गया।
