नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि 25 जनवरी का दिन लोकतंत्र के लिए बेहद अहम है, क्योंकि आज राष्ट्रीय मतदाता दिवस मनाया जाता है। उन्होंने मतदाताओं को लोकतंत्र की आत्मा बताते हुए कहा कि मजबूत लोकतंत्र की नींव जागरूक और जिम्मेदार मतदाता से ही पड़ती है। उन्होंने सभी नागरिकों से हर चुनाव में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।
प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया पर चल रहे एक दिलचस्प ट्रेंड का जिक्र करते हुए कहा कि लोग वर्ष 2016 की अपनी यादों को साझा कर रहे हैं। इसी क्रम में उन्होंने अपनी एक महत्वपूर्ण याद साझा की और बताया कि आज से ठीक दस साल पहले देश में “स्टार्टअप इंडिया” की शुरुआत की गई थी। उन्होंने कहा कि यह केवल एक योजना नहीं, बल्कि भारत के युवाओं के सपनों और आत्मनिर्भरता की एक बड़ी यात्रा है, जिसने देश की अर्थव्यवस्था को नई दिशा दी है। युवाओं से विशेष आग्रह करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत की अर्थव्यवस्था तेजी से आगे बढ़ रही है और ऐसे समय में गुणवत्ता पर जोर देना हम सभी की बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि नवाचार, कौशल और गुणवत्ता के साथ किया गया काम ही भारत को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाएगा।
प्रधानमंत्री ने उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ का उदाहरण देते हुए तमसा नदी के पुनर्जीवन की सराहना की। उन्होंने बताया कि अयोध्या से निकलकर गंगा में समाहित होने वाली यह नदी कभी क्षेत्र के लोगों के जीवन की धुरी थी, लेकिन प्रदूषण के कारण इसका अस्तित्व संकट में आ गया था। स्थानीय लोगों के सामूहिक प्रयास, नदी की सफाई और किनारों पर पेड़ लगाने से तमसा नदी को नया जीवन मिला है, जो जनभागीदारी की एक प्रेरणादायक मिसाल है।
उन्होंने भजन क्लबिंग जैसी पहलों का भी उल्लेख किया और कहा कि अच्छी बात यह है कि इन प्रयासों में भक्ति भाव की गरिमा बनी रहती है और शब्दों की मर्यादा का पूरा ध्यान रखा जाता है। साथ ही प्रधानमंत्री ने बताया कि हाल ही में संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद ने भारत यात्रा के दौरान बताया कि यूएई में 2026 को “ईयर ऑफ फैमिली” के रूप में मनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि परिवार से मिली ताकत से बड़ी से बड़ी चुनौतियों का सामना किया जा सकता है।
प्रधानमंत्री ने जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले के शेखगुंड गांव के मीर जाफर की पहल का जिक्र किया, जिन्होंने गांव के युवाओं और बुजुर्गों को एकजुट कर नशे और तंबाकू जैसी समस्याओं से गांव को मुक्त कराया। इसके साथ ही अरुणाचल प्रदेश के ईटानगर में युवाओं द्वारा चलाए जा रहे स्वच्छता अभियान की भी सराहना की, जिन्होंने अब तक करीब 11 लाख किलो कचरे की सफाई कर स्वच्छता को अपना मिशन बना लिया है।
