बरेली : यूपी के बरेली देहात के मीरगंज थाना क्षेत्र के गुलड़िया गांव के पास भाखड़ा नदी में गुरुवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब नदी के किनारे एक युवक का शव तैरता हुआ देखा गया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर जमा हो गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस टीम
ग्रामीणों की सूचना पर मीरगंज थाना पुलिस के साथ फील्ड यूनिट भी घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने हालात को नियंत्रित करते हुए शव को नदी से बाहर निकलवाया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की।
अब तक नहीं हो सकी शव की पहचान
पुलिस द्वारा की गई प्रारंभिक जांच में मृत युवक की शिनाख्त नहीं हो पाई है। पहचान के प्रयासों के लिए आसपास के थाना क्षेत्रों से लापता व्यक्तियों की जानकारी जुटाई जा रही है।
हत्या या आत्महत्या, हर पहलू पर जांच
फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि मामला हत्या का है या आत्महत्या का। शरीर पर किसी तरह के चोट के निशान हैं या नहीं, इसे लेकर भी गहन जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी संभावित एंगल से मामले की पड़ताल की जा रही है। घटना के बाद गुलड़िया गांव और आसपास के इलाकों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। पुलिस का दावा है कि जांच पूरी निष्पक्षता के साथ की जा रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। फिलहाल शव का पंचायतनामा भरकर आगे की कार्रवाई प्रचलित है।
