शहर से देहात तक बारिश, फसलों को नुकसान की आशंका, रविवार को फिर बारिश के आसार
बरेली : यूपी के बरेली और पास पड़ोस के जिलों में शुक्रवार सुबह से ही मौसम ने अचानक करवट ले ली। शहर में हल्की बूंदाबांदी और तेज हवाओं के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई। जिससे ठंड एक बार फिर बढ़ गई। दिनभर आसमान में बादल छाए रहे और शाम होते-होते शहर के साथ-साथ ग्रामीण इलाकों में भी हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिली। मौसम में आए इस बदलाव से लोगों को ठंड का अहसास बढ़ गया। खासकर सुबह और शाम के समय ठंडी हवाओं ने लोगों की कंपकंपी बढ़ा दी। पहाड़ी इलाकों में हो रही बर्फबारी का असर मैदानी क्षेत्रों तक देखने को मिल रहा है, जिससे उत्तर भारत में शीतलहर जैसी स्थिति बनती नजर आ रही है।
फसलों को नुकसान की आशंका
लगातार हुई बूंदाबांदी और बारिश के कारण किसानों की चिंता बढ़ गई है। खासतौर पर गेहूं, सरसों और आलू जैसी रबी फसलों को नुकसान की आशंका जताई जा रही है। खेतों में नमी बढ़ने से फसल खराब होने का खतरा बना हुआ है।
पहले से जारी था मौसम विभाग का अलर्ट
मौसम विभाग की ओर से पहले ही बारिश और तेज हवाओं को लेकर अलर्ट जारी किया गया था। विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण मौसम में यह बदलाव आया है।
रविवार को भी बारिश की संभावना
मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि रविवार को भी बरेली और आसपास के इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। इसके साथ ही तापमान में और गिरावट आने की संभावना है, जिससे ठंड का असर और बढ़ सकता है। प्रशासन और मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे बदलते मौसम को देखते हुए सावधानी बरतें और ठंड से बचाव के जरूरी इंतजाम करें।
