बरेली: थाना बारादरी क्षेत्र में युवती की हत्या के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। इवेंट मैनेजमेंट का काम करने वाली 30 वर्षीय पूजा राणा की हत्या पैसों के विवाद में की गई थी। आरोपी ने हत्या के बाद शव को जंगल में दबा दिया और सबूत मिटाने की कोशिश की।
घर से निकली, फिर नहीं लौटी पूजा
पूजा राणा 12 जनवरी की दोपहर घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। अगले दिन उसके भाई मनोज राणा ने थाना बारादरी में गुमशुदगी दर्ज कराई। पुलिस ने जांच शुरू की और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच में सामने आया कि पूजा राणा एक कार में सवार होकर गई थी, जिसे विमल कुमार चला रहा था। इसके बाद पुलिस ने विमल कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
पैसों के विवाद में गला दबाकर हत्या
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि पैसों के विवाद और शराब के नशे में उसने गुस्से में आकर पूजा राणा की गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद उसने शव को नकटिया नदी के जंगल क्षेत्र में दबा दिया और पूजा की स्कूटी पीलीभीत की बड़ी नहर में फेंक दी।
बरामदगी के दौरान पुलिस पर फायरिंग
पुलिस आरोपी को स्कूटी और मोबाइल की बरामदगी के लिए लेकर गई थी। स्कूटी पीलीभीत से बरामद कर ली गई। इसके बाद मोबाइल की बरामदगी के लिए आरोपी को बिथरी चैनपुर क्षेत्र लाया गया, जहां उसने अचानक छुपाकर रखा तमंचा निकालकर पुलिस टीम पर फायर कर भागने की कोशिश की। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायर किया, जिसमें आरोपी के दाहिने पैर में गोली लग गई। मौके से अवैध तमंचा और कारतूस बरामद किया गया। घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
