बरेली : शहर के कैंट थाना क्षेत्र के।गांव चौबारी में उस वक्त अफरा -तफरी मच गई, जब पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते मामूली कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया, और दोनों ओर से अंधाधुंध फायरिंग शुरू हो गई। ग्रामीणों के मुताबिक, इस दौरान 20 राउंड से ज्यादा गोलियां चलाई गईं। घटना में चार लोग घायल होने की बात सामने आई है। जिनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यहां उसका इलाज जारी है।
पहले भी हो चुकी है मारपीट और फायरिंग
जानकारी के अनुसार, गांव के रमेश और विष्णु सिंह के बीच बीते करीब एक साल से विवाद चल रहा है। दोनों पक्षों के बीच इससे पहले भी कई बार मारपीट और फायरिंग की घटनाएं हो चुकी हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि शिकायतों के बावजूद पुलिस की ओर से पहले केवल हल्की धाराओं में कार्रवाई की गई, जिससे विवाद पूरी तरह खत्म नहीं हो सका।
मूंछ की लड़ाई बनी फायरिंग की वजह
विवाद की शुरुआत रमेश के बेटे गुरविंदर सिंह और विष्णु सिंह पक्ष के लोगों के बीच हुई। पहले गाली-गलौज हुई और फिर अचानक हथियार निकल आए। इंस्पेक्टर कैंट राजेश कुमार के मुताबिक, दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से “मूंछ की लड़ाई” चल रही थी, जो इस हिंसक टकराव की बड़ी वजह बनी।
गांव में दहशत, लोग घरों में दुबके
फायरिंग की आवाज़ से पूरा गांव दहशत में आ गया। लोग अपने -अपने घरों में दुबक गए। सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर कैंट भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को काबू में किया।
कारतूस के खोखे बरामद, पांच लोग हिरासत में
पुलिस ने मौके से कारतूस के कई खोखे बरामद किए हैं। दोनों पक्षों के पांच लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। घायल गुरविंदर सिंह और दूसरे पक्ष के सतेंद्र को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है।।एहतियात के तौर पर गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और जांच के आधार पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
