बरेली: बहेड़ी कोतवाली क्षेत्र स्थित ग्राम बांसबोझ में 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस सनसनीखेज वारदात में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
बेटे ने दर्ज कराई थी हत्या की रिपोर्ट
मामले में ग्राम बांसबोझ निवासी लालाराम ने 16 जनवरी को बहेड़ी थाने में तहरीर दी थी। उन्होंने पुलिस को बताया था कि उनकी मां ललिता देवी की अज्ञात लोगों ने गला दबाकर हत्या कर दी है। शिकायत के बाद पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की थी। घटना के खुलासे के लिए क्षेत्राधिकारी बहेड़ी और कोतवाली प्रभारी पवन कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। जांच के दौरान पुलिस ने थाना देवरनिया क्षेत्र के रिच्छा फाटक के पास से तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया, जिनसे पूछताछ के बाद मामले का खुलासा हुआ।
गांव के ही युवक निकले आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजेश,आकाश और सर्वेश के रूप में हुई है। तीनों आरोपी ग्राम बांसबोझ, थाना बहेड़ी क्षेत्र के रहने वाले हैं। पुलिस पूछताछ में तीनों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है।
चोरी के दौरान पहचान होने पर की हत्या
आरोपियों ने बताया कि 13 और 14 जनवरी की दरमियानी रात वे चोरी के इरादे से छत के रास्ते घर में दाखिल हुए थे। इस दौरान घर में मौजूद बुजुर्ग महिला की नींद खुल गई और उन्होंने आरोपियों को पहचान लिया। पकड़े जाने के डर से तीनों ने महिला की हत्या कर दी।
आरोपियों को भेजा गया जेल
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए उन्हें जेल भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में सभी साक्ष्य जुटा लिए गए हैं ।
