मुरादाबाद : उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां प्रेम संबंध के शक में एक युवक और युवती की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। दोनों के शव बोरी में भरकर नदी किनारे दफना दिए गए। घटना के बाद इलाके में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
यह सनसनीखेज वारदात पाकबड़ा थाना क्षेत्र के उमरी सब्जीपुर गांव की है। जानकारी के मुताबिक 27 वर्षीय अरमान और 20 वर्षीय काजल के बीच बीते दो वर्षों से प्रेम संबंध था। दोनों अलग-अलग समुदाय से थे। रविवार रात करीब साढ़े नौ बजे अरमान अपनी प्रेमिका काजल से मिलने उसके घर पहुंचा, तभी युवती के परिजनों ने दोनों को पकड़ लिया।
आरोप है कि काजल के पिता, मां और तीन भाइयों ने पहले दोनों की लाठी-डंडों से बेरहमी से पिटाई की। इसके बाद सिर पर फावड़े से वार कर दोनों की हत्या कर दी गई। हत्या के बाद आरोपियों ने दोनों शवों को बोरी में बंद किया और करीब दो किलोमीटर दूर बाबा नीम करौली मंदिर के पास गागन नदी के किनारे गड्ढा खोदकर दबा दिया। मामले का खुलासा तब हुआ जब अरमान के पिता मो. हनीफ ने थाने में बेटे के लापता होने की सूचना दी और पड़ोसी परिवार पर शक जताया। पुलिस ने जब जांच शुरू की और काजल के परिजनों से सख्ती से पूछताछ की तो पूरी घटना सामने आ गई।
एसपी सिटी कुमार रण विजय सिंह ने बताया कि मृतक अरमान, मो. हनीफ के पांच बेटों में तीसरे नंबर का बेटा था। आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। घटना दो समुदायों से जुड़ी होने के चलते गांव में तनाव की स्थिति है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस और पीएसी बल तैनात किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में कानून के मुताबिक सख्त कार्रवाई की जाएगी।
