बरेली : विशेष मतदाता पुनरीक्षण अभियान (SIR) के दौरान सरकारी ड्यूटी कर रही महिला बीएलओ से अभद्रता, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़ित शिक्षिका ने मौलाननगर के पार्षद के भाई बरकत रजा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। घटना के बाद से शिक्षिका दहशत में हैं और प्रशासन से सुरक्षा की मांग कर रही हैं। पीड़िता रीना देवी, निवासी आकांक्षा एनक्लेव, इज्जतनगर, पेशे से शिक्षिका हैं और बानखाना स्कूल में तैनात हैं। उन्होंने बताया कि 18 जनवरी को वह गुलाब राय इंटर कॉलेज में बने बूथ संख्या 22 पर बीएलओ के रूप में मतदाता सूची से जुड़ी ड्यूटी कर रही थीं। इसी दौरान बरकत रजा बूथ पर पहुंचे और मतदाता सूची की मांग करने लगे।
मतदाता सूची को लेकर शुरू हुआ विवाद, गाली-गलौज तक पहुंचा मामला
रीना देवी के अनुसार, जब उन्होंने बताया कि मतदाता सूची दूसरे बीएलओ के पास है, तो आरोपी अचानक भड़क गया। आरोप है कि बरकत रजा ने खुद को सपा पार्षद का भाई बताते हुए दबंगई दिखाई और खुलेआम गाली-गलौज शुरू कर दी। उन्होंने शिक्षिका को “बीजेपी की एजेंट” तक कह डाला और अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया। पीड़िता का कहना है कि जाते-जाते आरोपी ने जान से मारने की धमकी भी दी और कहा कि “देख लेना, अंजाम बुरा होगा।” इस घटना से बूथ पर मौजूद अन्य कर्मचारी भी सहम गए।
डर के साए में ड्यूटी, पति के साथ पहुंच रहीं बूथ
घटना के बाद से रीना देवी ने बताया कि वह मानसिक तनाव में हैं। उन्होंने बताया कि आरोपी दबंग प्रवृत्ति का है, और उसके खिलाफ पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज बताए जाते हैं। इसी वजह से वह अब अकेले ड्यूटी करने से डर रही हैं और अपने पति उपेंद्र के साथ ही बूथ पर जा रही हैं। पीड़िता ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर सिटी मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री को लिखित शिकायत सौंपते हुए सुरक्षा की गुहार लगाई है। उनका कहना है कि आरोपी के राजनीतिक रसूख के चलते उन्हें अपनी जान का खतरा महसूस हो रहा है।
प्रशासन सख्त, जांच के आदेश
मामले को गंभीरता से लेते हुए सिटी मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री ने पूरे प्रकरण की जांच सीओ सिटी आशुतोष शिवम को सौंपी है। उन्होंने कहा कि महिला कर्मचारी से अभद्रता और सरकारी कार्य में बाधा डालना गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है। जांच में आरोप सही पाए जाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
