बरेली: बरेली विकास प्राधिकरण (BDA) ने अवैध कॉलोनियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए थाना किला क्षेत्र में आनंद बिहार कॉलोनी के पीछे, किला छावनी इलाके में ध्वस्तीकरण अभियान चलाया। जिसमें बिना अनुमति के विकसित की जा रही कॉलोनी को गिरा दिया गया।
बिना अनुमति के किया जा रहा था कॉलोनी का निर्माण
प्राधिकरण के मुताबिक, अतीक अहमद द्वारा लगभग 10 बीघा क्षेत्र में बिना बरेली विकास प्राधिकरण की मंजूरी के कॉलोनी बसाई जा रही थी। मौके पर प्लॉटों का चिन्हांकन किया गया था और सड़क, साइट ऑफिस, नालियां और बाउंड्री वॉल जैसे निर्माण कार्य चल रहे थे, जो नियमों के खिलाफ थे।
प्रवर्तन टीम ने मौके पर पहुंचकर गिराया निर्माण
विशेष कार्याधिकारी अजीत कुमार सिंह के निर्देश पर BDA की प्रवर्तन टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। इस दौरान सहायक अभियंता गजेन्द्र पाल शर्मा, अवर अभियंता सुरेन्द्र द्विवेदी समेत पूरी टीम मौजूद रही और अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया गया।
आगे भी जारी रहेगी सख्त कार्रवाई
बरेली विकास प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि बिना नक्शा पास कराए या प्राधिकरण की अनुमति के कोई भी कॉलोनी विकसित की जाती है, तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि प्लॉट खरीदने से पहले कॉलोनी की वैधता जरूर जांच लें।
