Bareilly News : मोबाइल किस्त विवाद में LLB छात्र की गोली मारकर हत्या, बरेली के फरीदपुर में सनसनी, गांव में तनाव
बरेली : यूपी के बरेली देहात की फरीदपुर कोतवाली थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां मोबाइल की किस्त को लेकर चला आ रहा पुराना विवाद हिंसक रूप ले बैठा और 21 वर्षीय एलएलबी छात्र की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और तनाव का माहौल है। घटना ग्राम नवादा बिलसंडी गांव की है। मृतक की पहचान योगेश यादव (21 वर्ष) के रूप में हुई है, जो स्थानीय वकील मनोज यादव का छोटा भाई था।योगेश पांच भाइयों में सबसे छोटा था और एलएलबी की पढ़ाई कर रहा था। परिजनों के अनुसार, योगेश घर से सामान लेने के लिए निकला था, इसी दौरान रास्ते में मोबाइल की किस्त के पैसों को लेकर पहले से चले आ रहे विवाद ने अचानक उग्र रूप ले लिया।
पुरानी रंजिश बनी मौत की वजह
क्षेत्राधिकारी संदीप सिंह ने The Justice Hindi को बताया कि योगेश और दूसरे युवक के बीच मोबाइल की किस्तों के भुगतान को लेकर लंबे समय से तनातनी चल रही थी। सोमवार को इसी विवाद के दौरान आरोपियों ने योगेश पर फायरिंग कर दी। गोली लगते ही वह गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना में एक अन्य व्यक्ति के घायल होने की भी सूचना है।
अस्पताल में तोड़ा दम, परिवार में मचा कोहराम
गोली लगने के बाद परिजन और ग्रामीण आनन-फानन में योगेश को अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने इलाज के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर गांव पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस मौके पर, गांव में तैनात किया गया अतिरिक्त बल
घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी संदीप सिंह और थाना प्रभारी चमन सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, ग्रामीणों से पूछताछ की और जरूरी साक्ष्य जुटाए। तनाव को देखते हुए गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।
तहरीर का इंतजार, आरोपियों की तलाश शुरू
सीओ संदीप सिंह ने बताया कि फिलहाल परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलते ही आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जाएगी। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। यह घटना एक बार फिर छोटे-छोटे विवादों के हिंसक रूप लेने और युवाओं की जान जाने की गंभीर तस्वीर पेश करती है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।
