लखनऊ : शनिवार को घने कोहरे ने राजधानी लखनऊ में हवाई और रेल यातायात को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया। दृश्यता शून्य के करीब पहुंचने के कारण जहां यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा, वहीं एयरपोर्ट और रेलवे स्टेशन पर अफरा-तफरी जैसी स्थिति बनी रही।
कोहरे का सबसे ज्यादा असर हवाई सेवाओं पर देखने को मिला। यूएई के रसअलखैमाह से आने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट IX-125, मुंबई से आने वाली IX-1026 और रियाद से आने वाली फ्लाइनास की फ्लाइट XY-333 को लखनऊ एयरपोर्ट पर लैंडिंग की अनुमति नहीं मिल सकी। तीनों विमानों ने आसमान में कई चक्कर लगाए, लेकिन दृश्यता शून्य होने के कारण अंततः इन्हें दिल्ली डायवर्ट करना पड़ा। इसके अलावा चंडीगढ़, अहमदाबाद और दिल्ली से आने वाली इंडिगो की कई उड़ानें रद्द कर दी गईं, जबकि लखनऊ से दिल्ली और अहमदाबाद जाने वाली दो उड़ानें भी निरस्त रहीं। कुल मिलाकर करीब पांच उड़ानें रद्द हुईं और लगभग 30 उड़ानें घंटों की देरी से संचालित हुईं।
दुबई, झारसुगुड़ा और मुंबई से आने वाली कई फ्लाइट्स भी तय समय से काफी देर से लखनऊ पहुंचीं। वहीं लखनऊ से दुबई, बेंगलुरु, हैदराबाद, कोलकाता और दिल्ली जाने वाली उड़ानें भी एक से दो घंटे की देरी से रवाना हो सकीं। यात्रियों को एयरपोर्ट पर लंबा इंतजार करना पड़ा और कई लोग फ्लाइट स्टेटस की जानकारी के लिए परेशान नजर आए।
कोहरे की मार से रेल यातायात भी अछूता नहीं रहा। वीआईपी ट्रेनों का संचालन पूरी तरह पटरी से उतर गया। नई दिल्ली से लखनऊ आने वाली शताब्दी एक्सप्रेस तीन घंटे की देरी से पहुंची, जिसके चलते वापसी में भी यह ट्रेन दो घंटे देरी से रवाना हुई। लखनऊ से दिल्ली जाने वाली तेजस एक्सप्रेस पांच घंटे लेट चली।
इसके अलावा गोमती एक्सप्रेस, राजधानी एक्सप्रेस, गोरखधाम एक्सप्रेस, वैशाली एक्सप्रेस, अवध आसाम एक्सप्रेस और गरीब रथ एक्सप्रेस समेत करीब 45 ट्रेनें कोहरे की वजह से घंटों लेट रहीं। कुछ ट्रेनों की देरी 10 से 16 घंटे तक पहुंच गई, जिससे यात्रियों को प्लेटफॉर्म पर ही लंबा इंतजार करना पड़ा। मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के कई जिलों में घना कोहरा अभी अगले कुछ दिनों तक बना रह सकता है। प्रशासन और परिवहन विभाग ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले अपनी फ्लाइट और ट्रेन की स्थिति जरूर जांच लें, ताकि अनावश्यक परेशानी से बचा जा सके।
