मुंबई : महाराष्ट्र के नगर निकाय चुनावों में भाजपा–शिवसेना महायुति लगातार मजबूत बढ़त बनाए हुए है। राज्य के अलग-अलग नगर निगमों से आ रहे शुरुआती रुझानों और घोषित नतीजों ने साफ कर दिया है कि जनता का रुझान एक बार फिर महायुति के पक्ष में नजर आ रहा है। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने प्रदेश भाजपा अध्यक्ष रवींद्र चव्हाण को फोन कर चुनावी बढ़त पर बधाई दी। इसके साथ ही मुंबई महानगरपालिका चुनावों में महायुति की बढ़त को लेकर मुख्यमंत्री ने मुंबई भाजपा अध्यक्ष अमीत साटम से भी बातचीत कर उन्हें शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि यह परिणाम जनता के भरोसे और सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों की स्वीकृति हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं की मेहनत और मतदाताओं की सक्रिय भागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि यह जीत संगठन की सामूहिक मेहनत का नतीजा है।
भाजपा सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने भी महाराष्ट्र के मतदाताओं और पार्टी समर्थकों का आभार व्यक्त किया। दिल्ली में मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि बृहन्मुंबई नगर निगम चुनावों में भाजपा का प्रदर्शन पार्टी और उसके सहयोगियों के लिए बड़ी सफलता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा और एनडीए को देशभर में लगातार समर्थन मिल रहा है और महाराष्ट्र के नगर निकाय चुनावों के नतीजे उसी विश्वास को दर्शाते हैं।
महाराष्ट्र सरकार में मंत्री आशीष शेलार ने नगर निगम चुनावों में मतदाताओं की भारी भागीदारी को लोकतंत्र की मजबूती बताया। उन्होंने कहा कि राज्य के सभी 29 नगर निगमों में लोगों ने बढ़-चढ़कर मतदान किया और लोकतंत्र के इस महापर्व को सफल बनाया। उन्होंने यह भी कहा कि चुनावी नतीजों पर विस्तार से चर्चा मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात के बाद की जाएगी।
चुनावी रुझानों की बात करें तो पिंपरी-चिंचवड़ नगर निगम में भाजपा की स्थिति बेहद मजबूत दिखाई दे रही है। यहां भाजपा 86 सीटों पर आगे चल रही है, जबकि एनसीपी (अजित पवार गुट) 33 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। वहीं एनसीपी (शरद पवार गुट) महज एक वार्ड में आगे चल रही है। ये आंकड़े राज्य में राजनीतिक संतुलन को स्पष्ट रूप से महायुति के पक्ष में दिखा रहे हैं।
मुंबई महानगरपालिका चुनाव 2026 के शुरुआती नतीजों में भी भाजपा ने अपनी मौजूदगी दर्ज कराई है। वार्ड नंबर 10 से भाजपा उम्मीदवार जितेन्द्र पटेल को विजेता घोषित किया गया है, जबकि वार्ड नंबर 3 से भाजपा नेता प्रवीन डरेकर के भाई प्रकाश डरेकर ने जीत हासिल की है। बीएमसी की कुल 227 सीटों के लिए मतगणना अभी जारी है और शेष वार्डों के नतीजे आने में समय लगेगा। कुल मिलाकर महाराष्ट्र के नगर निकाय चुनावों में भाजपा–शिवसेना महायुति की बढ़त ने राज्य की राजनीति में एक स्पष्ट संदेश दिया है। आने वाले समय में जैसे-जैसे बाकी नतीजे सामने आएंगे, यह तस्वीर और भी साफ होती चली जाएगी।