बरेली : सपा कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को मैनपुरी की सांसद डिंपल यादव का जन्मदिन धूमधाम से मनाया। बरेली देहात की 122 विधानसभा क्षेत्र फरीदपुर में पूर्व विधायक विजयपाल सिंह के कार्यालय पर मैनपुरी सांसद के 48वें जन्मदिन पर कार्यक्रम हुए। कार्यकर्ताओं ने केक काटकर सांसद को बधाई दी, और उनके लंबी उम्र और स्वास्थ्य की कामना की। पूर्व विधायक विजयपाल सिंह ने इस अवसर पर कहा कि डिंपल यादव महिलाओं की सशक्त आवाज बनकर उभरी हैं, और उनका नेतृत्व जनांकोंक्षाओं को पूरा करने हेतु महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि इसी नेतृत्व क्षमता के कारण डिंपल यादव ने 2024 के लोकसभा चुनाव में सर्वाधिक वोटों से जीत हासिल की।
महिला सशक्तिकरण को किए काम
सपा के पूर्व विधायक विजयपाल सिंह ने कहा कि सांसद डिंपल यादव की शालीनता, सौम्यता, सरलता और कार्यकुशलता ही उन्हें समाज में लोकप्रिय और सम्मानित बनाती है।विधानसभा अध्यक्ष बलराम सिंह यादव ने कहा कि सांसद महिला सशक्तिकरण के लिए लगातार प्रयास कर रही हैं और यही उनकी लोकप्रियता और प्रतिष्ठा का मूल कारण है।
बुजुर्ग महिलाओं को बांटे कंबल
जन्मदिन के अवसर पर सपा के पूर्व विधायक विजयपाल सिंह ने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बुजुर्ग महिलाओं को कंबल वितरित किए। इस दौरान सभी कार्यकर्ताओं ने डिंपल यादव के दीर्घायु होने की कामना की। कार्यक्रम में पार्टी के जिला उपाध्यक्ष संजीव यादव दन्नू, ताजुद्दीन, नगर अध्यक्ष नुसरत शेख़, प्रदेश सचिव युवाजन सभा सतीश यादव, नगर उपाध्यक्ष अफजाल अंसारी, अनिल सागर, सांस्कृतिक प्रकोष्ठ के रघुवीर दिवाकर, प्रधान सीताराम सागर, प्रताप यादव, इश्तियाक अहमद, हरवीर सिंह, गुड्डू सहित पार्टी के तमाम कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान सपा कार्यकर्ताओं ने एकजुटता और संगठन की ताकत को भी प्रदर्शित किया।
