लखनऊ : आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने उत्तर प्रदेश में चल रहे मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में मतदाता सूची के पुनरीक्षण के नाम पर बड़े पैमाने पर घोटाला हुआ है और इसमें सुनियोजित तरीके से धांधली की गई है। संजय सिंह का आरोप है कि इस बार भाजपा का लक्ष्य हर बूथ पर 200–200 नए वोटर बढ़ाने का है और इसके लिए हर संभव तरीका अपनाया जा रहा है।
संजय सिंह ने दावा किया कि उन्हें जानकारी मिली है कि उत्तर प्रदेश में हरियाणा, मुंबई समेत अन्य राज्यों से वोटर लाने की तैयारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने फॉर्म-7 भरा, उनकी जगह बीएलओ द्वारा फॉर्म-10 भर दिया गया। उन्होंने चुनाव आयोग से मांग की कि फॉर्म-10 को सार्वजनिक किया जाए। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि 46 लाख मतदाताओं को मृत बताया गया है, उनका पूरा रिकॉर्ड सामने लाया जाए। वहीं 25 लाख डुप्लीकेट वोटरों की सूची भी जारी की जाए।
आप सांसद ने कई उदाहरण देते हुए कहा कि कन्नौज के छिबरामऊ में 100 जिंदा लोगों को SIR के दौरान मृत घोषित कर दिया गया। रामपुर में शर्मा के घर शबनम नाम से वोट निकल आया। बहराइच में दो लोगों के पास बीएलओ की रसीद होने के बावजूद उनके वोट शिफ्ट कर दिए गए। नोएडा में मृत व्यक्ति को जिंदा दिखा दिया गया और अकबरपुर में एक ही घर में 49 वोट दर्ज पाए गए।
संजय सिंह ने कहा कि सुल्तानपुर में कई लोगों के नाम फर्जी तरीके से जोड़े गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि आशीष सिंह, जो बिहार के रहने वाले हैं, उन्हें सोनबरसा के जय बहादुर सिंह का बेटा बना दिया गया, जबकि आशीष के पिता का नाम वंश कुमार सिंह है। उन्होंने कहा कि इस तरह की गड़बड़ियों से लोगों की संपत्ति और अधिकारों पर खतरा पैदा हो रहा है।
उन्होंने कहा कि SIR में पूरी तरह से धांधली हुई है और इस मामले में सुप्रीम कोर्ट को स्वतः संज्ञान लेना चाहिए। संजय सिंह ने विपक्षी दलों को भी आगाह करते हुए कहा कि वे इस गलतफहमी में न रहें कि भाजपा के वोट काटे गए हैं। उनका आरोप है कि भाजपा 3.50 करोड़ नए मतदाता बनवाने की तैयारी में है। उन्होंने चुनाव आयोग से 2.17 करोड़ शिफ्टेड लोगों के फॉर्म सार्वजनिक करने की मांग की और कहा कि इसमें भारी गड़बड़ी की गई है।
संजय सिंह ने सवाल उठाया कि अगर कोई व्यक्ति शिफ्ट हुआ है तो क्या वह कहीं और मतदाता के रूप में दर्ज है या नहीं, और अगर नहीं है तो उसे उत्तर प्रदेश में मतदान से वंचित क्यों किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यूपी में काटे गए मतदाताओं की संख्या कनाडा की आबादी से भी ज्यादा है। हर जिले में 20 से 25 फीसदी वोट काटे गए हैं, जो बेहद गंभीर मामला है।
अंत में संजय सिंह ने कहा कि भाजपा एक शातिर पार्टी है और इसके बहकावे में अन्य राजनीतिक दलों को नहीं आना चाहिए। उन्होंने कहा कि नाव जुड़वाने की प्रक्रिया बेहद लंबी है, लेकिन अभी भी समय है। सभी दलों को एकजुट होकर सड़क पर उतरना होगा और इस कथित धांधली के खिलाफ आवाज बुलंद करनी होगी।
