पूर्व सीएम ने बूथ स्तर पर मतदाता जोड़ने और फार्म-6 भरवाने का दिया निर्देश, भाजपा सरकार को बताया हर मोर्चे पर फेल, कानून-व्यवस्था और नौकरियों में नाकामी
लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आज सपा प्रदेश मुख्यालय में प्रदेश भर से आए बड़ी संख्या में नेताओं और कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। इस अवसर पर उन्होंने बूथ स्तर पर मतदाता जोड़ने और एसआईआर के दूसरे चरण में सक्रिय रहने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि हर पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची में जुड़ना चाहिए, इसके लिए नेताओं और कार्यकर्ताओं को जनता के बीच जाकर फार्म-6 भरवाकर नए मतदाताओं को मतदाता सूची में शामिल करना सुनिश्चित करना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सपा कार्यकर्ता ईमानदारी और निष्ठा से यह कार्य करें, ताकि कोई पात्र मतदाता सूची से छूट न जाए।
भाजपा सरकार हर मोर्चे पर फेल
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला करते हुए कहा कि यह सरकार हर मोर्चे पर फेल हो चुकी है। कानून -व्यवस्था ध्वस्त है, स्वास्थ्य और शिक्षा व्यवस्था बर्बाद है। महिला अपराध और साइबर क्राइम में उत्तर प्रदेश सबसे ऊपर है। किसान खाद और बीज न मिलने से परेशान हैं और नौजवानों को रोजगार नहीं मिल रहा। भ्रष्टाचार और लूट चरम पर है
भाजपा की सरकारों में बढ़ी नफरत

उन्होंने चेताया कि जहाँ-जहाँ भाजपा की सरकारें हैं, वहाँ समाज के बीच विभाजन और नफ़रत फैलाने का माहौल बनाया जा रहा है। यह सत्ता की राजनीति का हिस्सा है। समाज के लोग इन प्रलोभनों में न फँसें, क्योंकि नफ़रत से सबसे अधिक नुक़सान वहीं होता है, जो नफ़रत करता है। बोले – सच्चा राष्ट्रवादी और समाज का हित चाहने वाला व्यक्ति किसी के बीच वैमनस्य नहीं फैलाता, बल्कि समझौते कराकर समाज में दूरियाँ कम करता है।
2027 में समाजवादी सरकार का संकल्प
पूर्व सीएम ने विश्वास व्यक्त किया कि जनता अब भाजपा की विफलताओं को समझ चुकी है, और 2027 में समाजवादी पार्टी को सत्ता में लाने के लिए तैयार है। इस अवसर पर नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर प्रदेश में समाजवादी सरकार बनाने का संकल्प लिया। उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं में प्रदेश अध्यक्ष, जिला अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष, बूथ स्तर के समस्त कार्यकर्ता और युवा नेता शामिल थे। बैठक में संगठन सृजन और मतदाता जागरूकता अभियान को और तेज करने की रणनीति पर भी चर्चा हुई।
अखिलेश यादव ने स्वामी विवेकानंद जयंती पर दी राष्ट्रीय युवा दिवस की बधाई, युवाओं का बताया प्रेरणा स्रोत

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने महान विचारक एवं युवाओं के मार्गदर्शक स्वामी विवेकानंद की जयंती पर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए देशवासियों को राष्ट्रीय युवा दिवस की बधाई दी। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद का संदेश था कि ‘विवेक में आनंद’ तक पहुँचो, यानी मानसिक गुलामी से मुक्त होकर स्वयं सोचो और निर्णय करो। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे बाहरी दिखावे और पाखंड के पीछे नहीं, बल्कि आंतरिक विवेक और बोध को अपना मार्गदर्शन बनाएं। उन्होंने स्वामी विवेकानंद की सहृदयता, भाईचारे और मानवता के प्रति दृष्टिकोण को हर युग के लिए प्रासंगिक बताते हुए उन्हें कोटि-कोटि नमन किया।
कुशीनगर के साइकिल यात्री कन्हैया लाल निषाद ने लिया आशीर्वाद, मिशन-2027 के तहत जनता से कर रहे संपर्क
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से आज कुशीनगर के साइकिल यात्री कन्हैया लाल निषाद ने भेंट की। उन्होंने समाजवादी पार्टी के पीडीए और सामाजिक न्याय के प्रचार के लिए साइकिल यात्रा पर निकले हैं। उन्होंने 19 नवम्बर 2025 को पूर्व कैबिनेट मंत्री श्री जमुना प्रसाद निषाद के समाधिस्थल खुटहन, गोरखपुर से यात्रा शुरू की और गोरखपुर, संतकबीर नगर, महराजगंज, सिद्धार्थनगर, बस्ती, अयोध्या, बाराबंकी होते हुए लखनऊ पहुंचे। अखिलेश यादव ने उनकी यात्रा की सफलता की कामना करते हुए उन्हें सम्मानित किया। इस अवसर पर सांसद अवधेश प्रसाद और पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र चौधरी भी मौजूद रहे।
