लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने एक बार फिर मानवीय संवेदनाओं और जनसमस्याओं के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दिखाई है। शनिवार को समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय, लखनऊ में उन्होंने मुरादाबाद और देवरिया में एसआईआर (SIR) ड्यूटी के दौरान जान गंवाने वाले बीएलओ कर्मियों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की। उन्होंने मृतक बीएलओ कर्मियों के परिवारीजनों को चेक सौंपते हुए गहरी संवेदना व्यक्त की और भरोसा दिलाया कि समाजवादी पार्टी हर दुख की घड़ी में उनके साथ खड़ी है।
पीड़ित परिवारों को राहत

उन्होंने पहले ही एलान किया था कि एसआईआर ड्यूटी के दबाव में आत्महत्या करने या हार्टअटैक से जान गंवाने वाले बीएलओ कर्मियों के परिवारों को पार्टी की ओर से आर्थिक मदद दी जाएगी। इसी क्रम में मुरादाबाद जनपद के ब्लॉक भगतपुर टांडा स्थित कंपोजिट विद्यालय जाहिदपुर सीकमपुर में तैनात सहायक अध्यापक एवं बीएलओ स्वर्गीय सर्वेश सिंह जाटव की पत्नी बबली देवी को 2 लाख रुपये का चेक सौंपा गया। इसके अलावा देवरिया जनपद की सलेमपुर तहसील में कार्यरत लेखपाल एवं बीएलओ आशीष कुमार की पत्नी कंचन तथा विधानसभा रुद्रपुर के बूथ संख्या-7 ग्राम माझका नरायन में कार्यरत बीएलओ जगदम्बा दुबे की रंजू देवी को भी 2-2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी गई।
पीड़ित परिवारों को अकेला नहीं छोड़ेगी सपा : अखिलेश यादव

सपा प्रमुख ने कहा पीड़ित परिवारों को हम अकेला नहीं छोड़ेंगे। इस दौरान पूर्व मंत्री एवं विधायक कमाल अख्तर और देवरिया के जिलाध्यक्ष व्यास यादव भी मौजूद रहे, तो वहीं, समाजवादी पार्टी मुख्यालय पर एक अन्य मामले में बहराइच जनपद के सोमेश्वर यादव ने अखिलेश यादव को आवेदन देकर छात्रवृत्ति न मिलने की शिकायत दर्ज कराई। सोमेश्वर यादव जीएनएम नर्सिंग तृतीय वर्ष के छात्र हैं और रामपुर नौसहरा पोस्ट मेला सर्रेया, विधानसभा महसी, जनपद बहराइच के निवासी हैं।
छात्रवृत्ति मामले को लिया गंभीरता
उन्होंने बताया कि समय से आवेदन करने के बावजूद पिछले वर्ष की छात्रवृत्ति उन्हें अब तक नहीं मिली और समाज कल्याण विभाग से संपर्क करने पर भी समस्या का समाधान नहीं हो सका। अखिलेश यादव ने इस प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभाग से मामले की जानकारी कराने और छात्र को न्याय दिलाने का आश्वासन दिया।
