कोलकाता : पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले में शनिवार को एक पटाखा बनाने की फैक्टरी में जोरदार विस्फोट हो गया। यह हादसा दोपहर करीब एक बजे चंपाहाटी इलाके में स्थित फैक्टरी में हुआ, जिसमें चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। विस्फोट इतना तेज था कि फैक्टरी की इमारत को भारी नुकसान पहुंचा और आसपास के कई घर भी इसकी चपेट में आ गए। स्थानीय लोगों के मुताबिक धमाके की आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी और फैक्टरी की एस्बेस्टस की छत उड़कर गिर गई।
विस्फोट के तुरंत बाद फैक्टरी में आग लग गई, जिसे बुझाने के लिए कई दमकल गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। हादसे में घायल हुए चारों लोगों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं और पूरे क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू कर दी गई है। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से नमूने एकत्र किए हैं। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि अनुभवहीन मजदूरों द्वारा विस्फोटक सामग्री को गलत तरीके से संभालने के कारण यह हादसा हुआ हो सकता है।
बताया जा रहा है कि फैक्टरी में शादी-ब्याह के लिए इस्तेमाल होने वाले पटाखे बनाए जा रहे थे। गौरतलब है कि इसी चंपाहाटी इलाके में दिसंबर 2024 में भी पटाखा फैक्टरी में विस्फोट की घटना सामने आई थी, जिससे इलाके में दहशत फैल गई थी। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि फैक्टरी में सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं।
