बरेली : उत्तर प्रदेश विधान परिषद की समिति ने आज बरेली में विकास प्राधिकरणों, आवास विकास परिषद, जिला पंचायत और नगर निगम के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। समिति की बैठक का आयोजन विकास भवन स्थित सभागार में हुआ। इसकी अध्यक्षता विधान परिषद के सभापति कुंवर महाराज जी ने की। बैठक में नगर निगम के अंतर्गत संचालित तीन विद्यालयों, तिलक इण्टर कॉलेज, कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय और मौलाना आजाद इण्टर कॉलेज में छात्र-छात्राओं की संख्या और शिक्षक-छात्र अनुपात पर चर्चा की गई। समिति ने इन विद्यालयों में गुणवत्ता और संसाधनों की समीक्षा के साथ राष्ट्रीय पर्वों पर आयोजनों की भी सिफारिश की।
नगर निगम की सराहना

समिति ने नगर निगम के स्वास्थ्य, सफाई और एन कैप योजना के तहत किए गए कार्यों की सराहना की गई। मियावाकी वनों के निर्माण और जल्द ही सथरापुर में सॉलिड वेस्ट प्लांट संचालन की जानकारी दी गई। डीएम ने बताया कि बरेली जनपद पूरे देश में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) में टॉप रैंकिंग पर है। समिति ने स्वच्छ पानी की आपूर्ति, ओवर हैण्ड टैंकों की सफाई और वार्ड निरीक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
दुकानों का किराया किया रिवाइज
नगर निगम की 1400 किराए पर संचालित दुकानों का रिवाइज किराया भी अनुमोदित किया गया। जिला पंचायत की समीक्षा में अवैध कब्जे, भूमि रजिस्टर और आय बढ़ाने के लिए शॉपिंग कॉम्प्लेक्स निर्माण की योजना पर चर्चा हुई। जिला पंचायत के अंतर्गत संचालित आठ विद्यालयों का निरीक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बरेली विकास प्राधिकरण की समीक्षा में भूमि अधिग्रहण, नक्शा पास करने की प्रक्रिया, रामायण वाटिका, रूद्रावनम, नाथ नगरी म्यूजियम और इंटरनेशनल मॉल जैसी महत्वकांक्षी परियोजनाओं की जानकारी दी गई।
फुटपाथ और सड़कों के चौड़ीकरण पर फोकस
समिति ने प्राधिकरण के कार्यों की खुले तौर पर प्रशंसा की और फुटपाथ व सड़कों की चौड़ाई पर विशेष ध्यान रखने का निर्देश दिया। आवास विकास परिषद और नवाबगंज विभागीय प्रकरणों पर समिति ने अधिकारियों को लखनऊ बुलाकर जवाब देने और शिकायतकर्ता को शामिल करने के निर्देश दिए। समिति ने 26 जनवरी को वंदे मातरम, भगवान बिरसा मुंडा और सरदार पटेल की जयंती के 150 वर्ष पूर्ण होने पर उनसे संबंधित कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश भी दिए। अधिकारियों को जनसुनवाई और समस्याओं के समयबद्ध निस्तारण के प्रति गंभीर रहने के निर्देश दिए गए।
स्वच्छता के निर्देश
नगर निगम, विकास प्राधिकरण और जिला पंचायत के कार्यों की समीक्षा। शिक्षा, स्वास्थ्य, सफाई और स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने को कहा। अवैध कब्जे हटाने और भूमि प्रबंधन की निर्देशावली। 26 जनवरी को विशेष कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए। अधिकारियों को जनसुनवाई और समयबद्ध समस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय रहने का निर्देश। बैठक में जिलाधिकारी अविनाश सिंह, उपाध्यक्ष बरेली विकास प्राधिकरण मणिकंदन ए., नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य, अपर जिलाधिकारी प्रशासन पूर्णिमा सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व संतोष कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
