इंदौर : इंदौर से इस वक्त एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आ रही है। रालामंडल इलाके में शुक्रवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे ने तीन परिवारों को हमेशा के लिए उजाड़ दिया। तेज रफ्तार कार की ट्रक से टक्कर में मध्यप्रदेश के पूर्व गृहमंत्री बाला बच्चन की बेटी समेत तीन युवाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवती गंभीर रूप से घायल है।
यह दर्दनाक हादसा आज सुबह करीब 5 बजकर 15 मिनट पर इंदौर के रालामंडल क्षेत्र में हुआ। बताया जा रहा है कि एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सामने से आ रहे ट्रक में जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में कार सवार चार युवाओं में से तीन की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान पूर्व गृहमंत्री बाला बच्चन की बेटी प्रेरणा बच्चन, प्रखर कासलीवाल और मनसिन्धु के रूप में हुई है। हादसे में अनुष्का नाम की युवती गंभीर रूप से घायल हुई है, जिसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
जानकारी के अनुसार, चारों दोस्त अपने साथी प्रखर कासलीवाल का जन्मदिन मनाकर लौट रहे थे। कार प्रखर ही चला रहा था। हादसे ने खुशियों से भरी रात को मातम में बदल दिया। बताया जा रहा है कि प्रेरणा बच्चन की कुछ समय बाद शादी होने वाली थी। घटना की जानकारी मिलते ही कांग्रेस नेताओं और परिजनों का मौके पर पहुंचना शुरू हो गया। पूर्व गृहमंत्री बाला बच्चन भी इंदौर के लिए रवाना हो गए हैं। पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। रालामंडल थाना पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी चालक की तलाश के लिए शहर के बाहरी इलाकों में नाकेबंदी की गई है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। तेज रफ्तार और लापरवाही एक बार फिर जानलेवा साबित हुई। पुलिस का कहना है कि जल्द ही फरार ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।
