बरेली : यूपी के बरेली देहात के नवाबगंज क्षेत्र से एक सनसनीखेज अपहरण का मामला सामने आया है। परिजनों का कहना है कि कोचिंग पढ़ने गई छात्रा को बदमाशों ने अगवा कर लिया और 15 लाख रुपये की फिरौती की मांग की है। आरोप है कि अपहरणकर्ताओं ने छात्रा के पिता के व्हाट्सएप नंबर पर बेटी की हाथ-पैर बंधी तस्वीर भेजकर धमकी दी।जिससे परिवार में हड़कंप मच गया। पीड़ित पिता के अनुसार छात्रा मूल रूप से पीलीभीत जनपद की रहने वाली है और नवाबगंज कस्बे में किराये के मकान में रहकर पढ़ाई कर रही थी। बुधवार को वह रोज की तरह कोचिंग के लिए निकली थी, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटी।
कोचिंग से घर न लौटी छात्रा, फिरौती का मैसेज देख कांप उठा परिवार
परिजनों ने बताया कि छात्रा रोजाना कोचिंग से लौटकर घर फोन करती थी, लेकिन उस दिन न कॉल आई और न ही उसका मोबाइल नंबर लगा। छात्रा के न लौटने पर परिजनों ने पहले मकान मालिक से संपर्क किया, जब पता चला कि वह कमरे पर नहीं है, तो परिवार नवाबगंज पहुंचा और तलाश शुरू की। इसी दौरान देर रात पिता के व्हाट्सएप पर बेटी की तस्वीर आई, जिसमें उसके हाथ-पैर बंधे हुए दिख रहे थे और 15 लाख रुपये फिरौती की मांग की गई थी।
बेटी की बंधी हुई तस्वीर देखकर पिता के उड़ गए होश
बेटी की हालत देखकर परिवार के होश उड़ गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए नवाबगंज थाना पुलिस ने तत्काल रिपोर्ट दर्ज कर ली। एसएसपी बरेली के निर्देश पर पुलिस और एसओजी की टीमें छात्रा की तलाश में जुटी हुई हैं। आसपास के इलाकों में छानबीन, कॉल डिटेल और तकनीकी सर्विलांस के जरिए बदमाशों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है। मामले ने राजनीतिक स्तर पर भी हलचल मचा दी है।
केंद्रीय मंत्री ने की पैरवी
पीलीभीत सांसद एवं केंद्रीय राज्यमंत्री जितिन प्रसाद और गन्ना राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार ने एसएसपी बरेली से बात कर जल्द से जल्द छात्रा की बरामदगी के निर्देश दिए हैं। नवाबगंज के एसएचओ “The justice HINDI” को बताया कि छात्रा का नाम नेहा है। परिवार की शिकायत और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और जांच तेजी से जारी है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर छात्रा को सकुशल बरामद कर लिया जाएगा। फिलहाल छात्रा की सलामती को लेकर परिजन बेहद चिंतित हैं और पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।
