सपा पर बरसे डिप्टी सीएम, बोले- अब यूपी देश का सबसे सुरक्षित राज्य
बरेली : उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक गुरुवार को बरेली के दौरे पर पहुंचे। दोपहर करीब डेढ़ बजे डिप्टी सीएम बरेली एयरपोर्ट पहुंचे। यहां से वे सीधे इज्जतनगर क्षेत्र के पीरबहोड़ा स्थित अर्बन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। यहां डिप्टी सीएम ने अस्पताल की व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने ओपीडी, दवा वितरण काउंटर और जांच कक्षों का जायजा लिया और इलाज के लिए आए मरीजों से बातचीत कर स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी समस्याएं सुनीं।
सरकारी अस्पतालों में डॉक्टरों की कमी होगी खत्म, ‘रिवर्स बिडिंग मॉडल’ का ऐलान

निरीक्षण के दौरान डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने मीडिया से कहा कि प्रदेश में विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी को दूर करने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार ने देश का पहला ‘रिवर्स बिडिंग मॉडल’ लागू किया है। उन्होंने बताया कि इस मॉडल के तहत विशेषज्ञ डॉक्टरों को 5 लाख रुपये तक मासिक वेतन दिया जा रहा है। डिप्टी सीएम ने बरेली के निजी डॉक्टरों को भी सरकारी सेवा में आने का खुला न्योता देते हुए कहा-“इतनी सैलरी तो डीएम की भी नहीं होती। अगर, कोई हार्ट स्पेशलिस्ट या बड़ा डॉक्टर सरकारी अस्पताल में काम करना चाहता है, तो सीएमओ तत्काल भर्ती कराएं।”
‘चिकित्सा सेवा चयन आयोग’ को कैबिनेट की मंजूरी
ब्रजेश पाठक ने जानकारी दी कि डॉक्टरों और मेडिकल प्रोफेसरों की स्थायी कमी को खत्म करने के लिए सरकार ने ‘चिकित्सा सेवा चयन आयोग’ के गठन को कैबिनेट से मंजूरी दे दी है। इससे आगे की भर्तियां पूरी तरह पारदर्शी होंगी।
कानून-व्यवस्था को लेकर सपा पर हमला
डिप्टी सीएम ने इस दौरान समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि जब-जब सपा सत्ता में रही, प्रदेश में गुंडागर्दी और अराजकता हावी रही। उन्होंने बरेली का उदाहरण देते हुए कहा कि उस दौर में सरेआम हत्याएं, मकानों और दुकानों पर कब्जे आम बात थी। ब्रजेश पाठक ने दावा किया कि आज उत्तर प्रदेश कानून-व्यवस्था और इंफ्रास्ट्रक्चर के मामले में देश के शीर्ष राज्यों में शामिल है और निवेश के लिहाज से सबसे सुरक्षित डेस्टिनेशन बन चुका है।
दिवंगत विधायक के परिजनों से की मुलाकात
स्वास्थ्य केंद्र के निरीक्षण के बाद डिप्टी सीएम का काफिला पीलीभीत बाईपास रोड स्थित शक्तिनगर कॉलोनी पहुंचा। यहां उनके साथ भूपेंद्र सिंह चौधरी भी मौजूद थे। दोनों नेताओं ने दिवंगत फरीदपुर विधायक प्रोफेसर श्याम बिहारी लाल के आवास पर जाकर उनके परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने दिवंगत विधायक के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया। नेताओं ने कहा कि प्रोफेसर श्याम बिहारी लाल सादगी और जनसेवा के प्रतीक थे और उनके निधन से पूरे क्षेत्र को अपूरणीय क्षति हुई है।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
डिप्टी सीएम के दौरे को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। एयरपोर्ट से लेकर स्वास्थ्य केंद्र और विधायक आवास तक पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। इस दौरान जिले के वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
