बरेली: एंटी करप्शन टीम ने सिरौली इलाके में बड़ी सफलता हासिल की है। तहसील आंवला में तैनात राजस्व निरीक्षक और एक निजी व्यक्ति को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया। यह कार्रवाई नलकूप नंबर-2, पानी की टंकी के पास की गई।
कृषि भूमि की पैमाइश के नाम पर मांगी गई रिश्वत
मामला ग्राम केसरपुर निवासी पंकज से जुड़ा है। पंकज ने शिकायत की थी कि उसकी कृषि भूमि की पैमाइश के एवज में राजस्व निरीक्षक वीरेंद्र पाल सिंह द्वारा 20 हजार रुपये की रिश्वत मांगी जा रही है। शिकायत मिलने के बाद एंटी करप्शन टीम ने पूरे मामले की गोपनीय जांच की।
जाल बिछाकर सिरौली में पकड़े गए आरोपी
शिकायत सही पाए जाने पर एंटी करप्शन टीम ने सिरौली नगर पंचायत क्षेत्र में ट्रैप लगाया। तय योजना के तहत जैसे ही रिश्वत की रकम दी गई, टीम ने राजस्व निरीक्षक वीरेंद्र पाल सिंह और उसके साथ मौजूद सर्वेश कुमार को मौके पर ही दबोच लिया। सर्वेश कुमार निजी व्यक्ति है, जो रिश्वत लेनदेन में सहयोग कर रहा था।
भमौरा थाने में दर्ज होगा मुकदमा
गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना भमौरा में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया जा रहा है। एंटी करप्शन टीम ने साफ कहा है कि रिश्वतखोरी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
