बरेली: शहर में लगातार पड़ रही अत्यधिक ठंड और शीतलहर को देखते हुए जिला प्रशासन ने स्कूलों को लेकर बड़ा फैसला लिया है। जिलाधिकारी बरेली के निर्देश पर जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय ने अवकाश का आदेश जारी किया है।
प्री-नर्सरी से कक्षा 12 तक सभी स्कूल बंद
जारी आदेश के अनुसार उत्तर प्रदेश बोर्ड, सीबीएसई बोर्ड और आईसीएसई बोर्ड से संबद्ध प्री-नर्सरी से लेकर कक्षा 12 तक के सभी परिषदीय, सहायता प्राप्त और मान्यता प्राप्त विद्यालयों में 10 जनवरी 2026 तक अवकाश रहेगा। इसके साथ ही कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय भी इस आदेश के दायरे में शामिल हैं।
बीएलओ ड्यूटी वाले शिक्षक करेंगे कार्य
हालांकि, जिन विद्यालयों के शिक्षक या शिक्षिकाओं की ड्यूटी बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) के रूप में लगाई गई है, उन्हें अपने दायित्वों का नियमानुसार निर्वहन करना होगा। ऐसे कर्मचारियों को अवकाश से अलग रखा गया है।
जहां बूथ स्थित हैं, वे स्कूल रहेंगे खुले
प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि जिन विद्यालय परिसरों में मतदान बूथ बनाए गए हैं, वे विद्यालय आवश्यक कार्यों के लिए खुले रहेंगे। वहां संबंधित प्रशासनिक गतिविधियां पूर्ववत संचालित होंगी।
आदेश का सख्ती से पालन कराने के निर्देश
जिला प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों और विद्यालय प्रबंधन को आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। किसी भी प्रकार की लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
