सुल्तानपुर : उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले में सोमवार तड़के एसटीएफ और पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक शातिर और एक लाख रुपये के इनामी बदमाश को मुठभेड़ में मार गिराया। यह कार्रवाई लंभुआ कोतवाली क्षेत्र के दियरा मोड़ के पास सुल्तानपुर–वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर की गई, जहां सुरक्षा एजेंसियां पहले से अलर्ट मोड में थीं।
जानकारी के अनुसार, एसटीएफ और स्थानीय पुलिस की टीम को इनामी बदमाश की मौजूदगी की पुख्ता सूचना मिली थी। इसी के आधार पर तड़के पहर हाईवे पर चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान संदिग्ध बाइक सवार को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से बदमाश गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल अवस्था में बदमाश को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लंभुआ ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर देखते हुए मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। हालांकि, मेडिकल कॉलेज पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मृत बदमाश की पहचान तालिब उर्फ आजम खान (26) के रूप में हुई है। वह लखीमपुर खीरी जिले के फरधान थाना क्षेत्र के गौरिया गांव का निवासी था। पुलिस के अनुसार, तालिब लंबे समय से फरार चल रहा था और उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था। लखीमपुर खीरी जिले समेत अन्य जनपदों में उसके खिलाफ कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज बताए जा रहे हैं।
सूत्रों के मुताबिक, तालिब उर्फ आजम खान एक शातिर अपराधी था और संगठित अपराध से जुड़ा हुआ था। वह लगातार ठिकाने बदलकर पुलिस से बच रहा था। एसटीएफ और पुलिस की टीमें पिछले काफी समय से उसकी तलाश में जुटी हुई थीं। मुठभेड़ के बाद मौके से हथियार और कारतूस भी बरामद किए गए हैं। घटना की सूचना मिलते ही जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरी कार्रवाई की जानकारी ली। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बदमाश के आपराधिक इतिहास की विस्तृत जांच की जा रही है और उससे जुड़े अन्य अपराधियों की भी तलाश तेज कर दी गई है।
पुलिस ने मुठभेड़ को आत्मरक्षा में की गई कार्रवाई बताया है। अधिकारियों के अनुसार, पुलिस टीम पर जानलेवा हमला किया गया था, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई जरूरी हो गई। फिलहाल पूरे मामले की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है और आगे की कार्रवाई जारी है। इस मुठभेड़ के बाद क्षेत्र में सुरक्षा एजेंसियों की सतर्कता और बढ़ा दी गई है। पुलिस का कहना है कि प्रदेश में अपराध और अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
