सपा प्रमुख का डबल इंजन सरकार पर हमला, बोले – देशभर में अन्याय, भ्रष्टाचार और असंवेदनशीलता चरम पर
लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा की डबल इंजन सरकारों पर देशभर में फैल रहे भ्रष्टाचार, अन्याय, हिंसा और संवेदनहीनता को लेकर करारा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि अगर भाजपा को आँख बंद कर समर्थन देने वाले लोगों में रत्ती भर भी देशप्रेम, संवेदना, विवेक और मानवता शेष है, तो उन्हें मौजूदा हालात पर आत्ममंथन करना चाहिए।उन्होंने बयान जारी कर कहा कि उत्तराखंड में “उत्तराखंड की बेटी” को न्याय दिलाने के लिए लोग सड़कों पर हैं, जबकि उत्तर प्रदेश में ज़हरीले सिरप से मौतें हो रही हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि एक ओर सरकार नोटबंदी और जीएसटी के ज़रिए ईमानदारी का दावा करती है, वहीं यूपी में जीएसटी अधिकारी के घर से करोड़ों रुपये नकद निकलना सरकार की कथनी-करनी पर सवाल खड़े करता है।
न्याय, संवेदना और लोकतंत्र पर हमला

सपा प्रमुख ने कहा कि मध्य प्रदेश में ज़हरीले पानी से लोगों की मौत हो रही है और दलितों पर अत्याचार की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं, यहां तक कि बाबा साहेब आंबेडकर की तस्वीरें जलाने की घटनाएं सामने आई हैं।दिल्ली की स्थिति पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा शासित राजधानी में लोग एक-एक सांस के लिए तरस रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राजस्थान में किसान खतरनाक फैक्ट्रियों के खिलाफ आंदोलन कर रहे हैं, जबकि गुजरात और हरियाणा में अरावली पर्वत को बचाने के लिए आम जनता को केवल अदालतों का सहारा लेना पड़ रहा है। त्रिपुरा और उत्तराखंड में नफरती एजेंडे के कारण हिंसा और हत्या की घटनाओं को उन्होंने बेहद गंभीर बताया।
बहन-बेटियां सुरक्षित नहीं, किसान सड़कों पर
उन्होंने कहा कि असम में सांप्रदायिक भेदभाव चरम पर है। महाराष्ट्र में लोगों को न चुनाव लड़ने दिया जा रहा है और न ही वोट डालने का अधिकार मिल रहा है। छत्तीसगढ़ और ओडिशा में अल्पसंख्यकों के त्योहारों पर हमले और धमकियों की घटनाएं बढ़ रही हैं। बिहार में शराबबंदी के बावजूद अवैध शराब का कारोबार फल-फूल रहा है, जो सीमांत थानों में फैले भ्रष्टाचार को उजागर करता है। अखिलेश यादव ने जनता से अपील की कि वे बढ़ते महाघोटालों, बेरोजगारी, ठप होते कारोबार, जहरीले पर्यावरण, महिलाओं और पीडीए समाज पर हो रहे अत्याचारों, किसानों-मजदूरों की बदहाली और देश की अंतरराष्ट्रीय छवि को हो रहे नुकसान पर गंभीरता से सोचें। उन्होंने कहा कि साम्प्रदायिकता का चश्मा उतारकर लोग अपने परिवार और देश के भविष्य पर विचार करें और फिर भाजपा को दिए जा रहे समर्थन पर फैसला लें। अंत में अखिलेश यादव ने कहा कि अब देश को नफरत और झूठ नहीं, बल्कि संवेदनशील, जवाबदेह और न्यायपूर्ण राजनीति की ज़रूरत है।
अखिलेश यादव बोले-गरीब युवाओं के भविष्य से खिलवाड़
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने अभ्युदय योजना की नौकरियों में फर्जीवाड़े का आरोप लगाया है।उन्होंने कहा कि 69 में से 48 पदों पर फर्जी नियुक्तियों का मामला सामने आया है और अब सरकार इसे घोटाला मानने की बात कर रही है। अखिलेश यादव ने सवाल उठाया कि ऐसे फर्जी लोगों के भरोसे पढ़ाई कर रहे छात्रों और अभ्यर्थियों का भविष्य क्या होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार को केवल पैसों से मतलब है, गरीब और पीडीए समाज के युवाओं के भविष्य से नहीं। साथ ही उन्होंने मांग की कि इस पूरे मामले की जांच इस एंगल से भी हो कि कहीं यह युवाओं को नौकरी से वंचित रखने की साजिश तो नहीं है।
प्रयागराज से भेंट में मिले इलाहाबादी अमरूद, की सराहना
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को आज प्रयागराज से आए ग्राम प्रधान शान यदुवंशी ने उनके बाग से लाए ताजे इलाहाबादी अमरूद भेंट किए।अखिलेश यादव ने अमरूदों की तारीफ करते हुए इस आत्मीय भेंट के लिए धन्यवाद दिया। गौरतलब है कि इलाहाबादी अमरूद अपने सुर्ख लाल रंग, मीठे स्वाद और खास सुगंध के लिए देश-विदेश में प्रसिद्ध हैं।
