नई दिल्ली : कोलकाता नाइट राइडर्स ने आईपीएल 2026 से पहले बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को रिलीज कर दिया है। इस फैसले की पुष्टि खुद केकेआर ने कर दी है। यह कदम भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड यानी बीसीसीआई के निर्देश के बाद उठाया गया है। इसके साथ ही यह साफ हो गया है कि मिनी ऑक्शन में खरीदे जाने के बावजूद मुस्तफिजुर रहमान आईपीएल 2026 का हिस्सा नहीं होंगे।
दरअसल, मुस्तफिजुर रहमान को लेकर बीते कुछ समय से विवाद चल रहा था। बांग्लादेश में हिंदू अल्पसंख्यकों पर हो रही हिंसा की घटनाओं को लेकर भारत में राजनीतिक हलकों में नाराजगी देखने को मिली। भाजपा और शिवसेना के कई नेताओं ने सवाल उठाया था कि ऐसे हालात में आईपीएल में किसी बांग्लादेशी खिलाड़ी को खेलने की अनुमति दी जानी चाहिए या नहीं। विवाद बढ़ने के बाद बीसीसीआई ने इस मामले में हस्तक्षेप किया और केकेआर फ्रेंचाइजी को मुस्तफिजुर रहमान को रिलीज करने के निर्देश दिए।
केकेआर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बयान जारी करते हुए कहा कि आईपीएल के नियामक बीसीसीआई-आईपीएल ने आगामी सत्र से पहले मुस्तफिजुर रहमान को टीम से रिलीज करने का निर्देश दिया है। फ्रेंचाइजी ने बताया कि बोर्ड के निर्देश और आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद खिलाड़ी को रिलीज कर दिया गया है। साथ ही केकेआर ने यह भी स्पष्ट किया कि आईपीएल नियमों के तहत बीसीसीआई टीम को एक रिप्लेसमेंट खिलाड़ी उपलब्ध कराएगा, जिसकी जानकारी बाद में साझा की जाएगी। इससे पहले बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने भी बयान दिया था कि देशभर में मौजूदा घटनाक्रमों को देखते हुए केकेआर को मुस्तफिजुर रहमान को रिलीज करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा था कि यदि फ्रेंचाइजी किसी रिप्लेसमेंट खिलाड़ी की मांग करती है तो बोर्ड इसकी अनुमति देगा।
गौरतलब है कि पिछले महीने हुई खिलाड़ियों की नीलामी में केकेआर ने मुस्तफिजुर रहमान को 9.20 करोड़ रुपये में खरीदा था, जबकि उनका बेस प्राइस दो करोड़ रुपये था। चेन्नई सुपर किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के साथ कड़ी बोली के बाद केकेआर ने इस 30 वर्षीय गेंदबाज को अपनी टीम में शामिल किया था। यह पहला मौका था जब मुस्तफिजुर केकेआर से जुड़े थे। हालांकि उन्हें टीम में शामिल किए जाने को लेकर फ्रेंचाइजी के सह-मालिक शाहरुख खान को भी सोशल मीडिया पर आलोचना झेलनी पड़ी थी। मुस्तफिजुर रहमान 2016 से अब तक आठ आईपीएल सीजन खेल चुके हैं। वह सनराइजर्स हैदराबाद, मुंबई इंडियंस, दिल्ली कैपिटल्स, चेन्नई सुपर किंग्स और राजस्थान रॉयल्स जैसी टीमों का हिस्सा रह चुके हैं। तीन बार की चैंपियन केकेआर के लिए उनका यह सफर कागजों पर ही खत्म हो गया।
