बरेली: थाना इज्जतनगर पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान एक शातिर बदमाश को घायल हालत में गिरफ्तार किया है। इस घटना में एक पुलिसकर्मी भी घायल हुआ है। पुलिस ने मौके से तमंचा, कारतूस, नकदी और स्कूटी बरामद की है।थाना इज्जतनगर पुलिस टीम शांति व्यवस्था और संदिग्ध लोगों व वाहनों की चेकिंग के लिए इलाके में गश्त कर रही थी। इसी दौरान सैदपुर बाग पुलिस बूथ से कुछ दूरी पहले एक स्कूटी पर सवार दो युवक पुलिस को देखकर भागने लगे। पुलिस को शक होने पर दोनों का पीछा किया गया। आगे जाकर स्कूटी फिसल गई और दोनों गिर पड़े।
फायरिंग में हेड कांस्टेबल घायल
खुद को घिरता देख एक युवक ने पुलिस पर तमंचे से फायर कर दिया, जिसमें हेड कांस्टेबल धनीश सक्सेना घायल हो गए। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश को गोली लग गई, जबकि दूसरा मौके से फरार हो गया।
घायल बदमाश की पहचान
घायल बदमाश की पहचान फैजान निवासी मोहल्ला कस्सावान, थाना फरीदपुर के रूप में हुई है। फरार बदमाश का नाम आसिफ निवासी पीर बहोड़, थाना इज्जतनगर बताया गया है।
क्या-क्या बरामद हुआ?
पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किए गए अभियुक्त फैजान के कब्जे से एक तमंचा 315 बोर, दो खोखा कारतूस, दो जिंदा कारतूस, ₹270 नकद और एक स्कूटी बरामद की है।
मामला दर्ज, तलाश जारी
पुलिस ने इस मामले में थाना इज्जतनगर पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। घायल पुलिसकर्मी और बदमाश दोनों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। फरार बदमाश की तलाश के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
