अमेठी : मुसाफिरखाना तहसील परिसर में सोमवार को उस समय तनाव की स्थिति बन गई, जब एसडीएम के विरोध में प्रदर्शन कर रहे अधिवक्ताओं और उनके समर्थन में उतरे लेखपाल आमने-सामने आ गए। पहले दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक हुई, जिसके बाद धक्का-मुक्की शुरू हो गई। हालात बिगड़ते देख स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
जानकारी के अनुसार, तहसील में बीते कई दिनों से अधिवक्ता एसडीएम के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। अधिवक्ताओं का आरोप है कि एसडीएम अभिनव कनॉजिया द्वारा उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया और उन्हें अपमानित किया गया। इसी मुद्दे को लेकर तीन दिन पहले भी तहसील परिसर में जमकर नारेबाजी हुई थी।
सोमवार सुबह लेखपाल संघ एसडीएम के समर्थन में उतर आया। इसके बाद अधिवक्ता संघ और लेखपालों के बीच माहौल गर्म हो गया। नारेबाजी के दौरान दोनों पक्षों के कुछ लोगों के बीच धक्का-मुक्की हो गई, जिससे तहसील परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही मुसाफिरखाना कोतवाली पुलिस तत्काल तहसील पहुंची। भीड़ अधिक होने और स्थिति तनावपूर्ण रहने के कारण एहतियातन तहसील परिसर में पीएसी भी तैनात कर दी गई है। फिलहाल पुलिस बल मौके पर मौजूद है और स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
अधिवक्ताओं का कहना है कि एसडीएम लगातार उनके साथ अभद्र व्यवहार करते हैं और बार अध्यक्ष के साथ भी इसी तरह का रवैया अपनाया गया। अधिवक्ता संघ ने साफ कहा है कि जब तक एसडीएम का स्थानांतरण नहीं किया जाता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। वहीं, प्रशासनिक स्तर पर मामले को शांत कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।
