सपा प्रमुख ने कहा-महिलाओं को 40 हजार सालाना देंगे,बाटी-चोखा से बराबरी का संदेश, सपा मुख्यालय में जुटे हजारों कार्यकर्ता
लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से नववर्ष के अवसर पर गुरुवार को बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं,नेताओं,जनप्रतिनिधियों, पत्रकारों और समाजसेवी संगठनों के पदाधिकारियों ने प्रदेश कार्यालय पर मुलाकात कर शुभकामनाएं दीं। सपा प्रमुख ने सभी का अभिवादन स्वीकार कर उन्हें उज्ज्वल भविष्य और अच्छे स्वास्थ्य की कामना की।
नववर्ष पर लिया बड़ा राजनीतिक संकल्प
इस मौके पर अखिलेश यादव ने देश और प्रदेशवासियों को नववर्ष की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि “आज हम संकल्प लेते हैं कि बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर, डॉ. राम मनोहर लोहिया और नेताजी मुलायम सिंह यादव ने जो रास्ता दिखाया है। उसी पर चलकर देश और समाज को खुशहाली के रास्ते पर ले जाएंगे।” उन्होंने कहा कि नया साल नई ऊर्जा और नए संकल्प के साथ काम करने का अवसर है।
2027 में भाजपा सरकार को सत्ता से बाहर करने का दावा
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने साफ कहा कि “2027 में भाजपा की नकारात्मक सरकार को हटाना है। इस सरकार में अन्याय, अत्याचार, महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार चरम पर है। जनता त्रस्त है, और 2027 में भाजपा का सत्ता से जाना तय है।”
भाजपा पर गंभीर आरोप
उन्होंने कहा कि भाजपा कमजोर हो चुकी है, और जब भाजपा कमजोर होती है, तो और ज्यादा साम्प्रदायिक हो जाती है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है, साइबर क्राइम और फ्रॉड के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। डायल 100 और 1090 जैसी सेवाएं खराब कर दी गई हैं। शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था को बर्बाद कर दिया गया है।
जमीन, पहाड़ और नदियों पर कब्जे का आरोप
पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने भाजपा को “सबसे बड़ी भूमाफिया पार्टी” बताते हुए कहा कि भाजपा सरकार के संरक्षण में गरीबों और सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जे हो रहे हैं उन्होंने कहा कि भाजपा अरावली पहाड़ों तक को नहीं छोड़ना चाहती और नदियों की सफाई के नाम पर आया बजट लूट लिया गया। गंगा, गोमती, यमुना समेत सभी नदियां प्रदूषण की शिकार हैं।
किसानों, युवाओं और पीडीए पर हमला करने का आरोप
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि किसानों को फसलों का उचित मूल्य नहीं मिल रहा, खाद और बीज की कालाबाजारी हो रही है। भाजपा सरकार पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) विरोधी है और आरक्षण छीना जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार ने पीडीए की 30 हजार नौकरियां छीन लीं।
बाटी-चोखा कार्यक्रम पर टिप्पणी
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा, “हमारा बाटी-चोखा कार्यक्रम बराबरी और सम्मान का प्रतीक है।समाजवादी पार्टी में सब मिलकर खाते हैं।” उन्होंने बताया कि बाटी -चोखा और लिट्टी-चोखा में सिर्फ नाम का अंतर है, भावना एक ही है।
सत्ता में आने पर बड़े वादे
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर महिलाओं को प्रतिवर्ष 40 हजार रुपये दिए जाएंगे। किसानों को फसलों का लाभकारी मूल्य मिलेगा।शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार होगा। बिजली व्यवस्था को दुरुस्त किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने एक भी नया बिजली कारखाना नहीं लगाया।
नववर्ष पर अनोखे उपहार और सहभोज

नववर्ष के अवसर पर रायबरेली के शिवा विश्वकर्मा ने अखिलेश यादव को संगीत बजाने वाला छोटा ट्रैक्टर भेंट किया, जबकि लक्ष्मण निषाद ने सिंघाड़ा भेंट किया। प्रदेश मुख्यालय पर बाटी-चोखा सहभोज का आयोजन किया गया। इसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।
यह नेता थे मौजूद

इस अवसर पर राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव, नेता विरोधी दल माता प्रसाद पांडेय, सांसद आरके चौधरी, राष्ट्रीय सचिव राजेंद्र चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल समेत कई वरिष्ठ नेता और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
