शिमला : हिमाचल प्रदेश में नए साल की सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब सोलन जिले के नालागढ़ में पुलिस स्टेशन की दीवार के पास जोरदार धमाका हुआ। यह धमाका सुबह करीब 9 बजकर 15 मिनट पर हुआ, जिसकी आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी। धमाके की तीव्रता इतनी अधिक थी कि नालागढ़ पुलिस स्टेशन के साथ-साथ पास में स्थित ईसीएचएस पॉलीक्लिनिक भवन, मार्केट कमेटी कार्यालय और सैनिक विश्राम गृह की खिड़कियों के शीशे टूट गए। आसपास मौजूद निजी और सरकारी इमारतों को भी नुकसान पहुंचा है।
धमाके के बाद पुलिस स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी मच गई, वहीं स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बन गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंच गईं। पूरे इलाके को तुरंत सील कर दिया गया, ताकि किसी भी प्रकार के सबूतों के साथ छेड़छाड़ न हो सके। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि धमाका किसी विस्फोटक सामग्री के कारण हुआ या इसके पीछे कोई अन्य वजह है। घटना के समय इलाके में किसी संदिग्ध गतिविधि की फिलहाल कोई पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और टोल प्लाजा फुटेज की भी जांच कर रही है, ताकि धमाके से जुड़े कोई सुराग मिल सकें। इसके साथ ही मार्केट कमेटी और ईसीएचएस पॉलीक्लिनिक भवन को हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
धमाके की सूचना मिलते ही एसपी बद्दी विनोद धीमान ने खुद घटनास्थल का दौरा किया और स्थिति का जायजा लिया। फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाने का काम किया। एसपी विनोद धीमान ने बताया कि धमाका काफी तीव्र था। पुलिस थाना परिसर के अलावा करीब 50 से 60 मीटर दूर स्थित पूर्व सैनिक लीग भवन और ईसीएचएस पॉलीक्लिनिक की खिड़कियों के शीशे टूट गए हैं। उन्होंने कहा कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही किसी ठोस नतीजे पर पहुंचा जाएगा। फिलहाल इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और पुलिस पूरी सतर्कता के साथ जांच में जुटी हुई है।
