लखनऊ : समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने विश्व हास्य दिवस के अवसर पर एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर कटाक्ष किया। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक तीखा और व्यंग्यपूर्ण संदेश साझा करते हुए मौजूदा सरकार पर अभिव्यक्ति की आज़ादी और हास्य जैसे सहज भावों पर अंकुश लगाने का आरोप लगाया।
सोशल मीडिया पर पोस्ट वायरल
सोशल मीडिया पर लिखा है कि ‘विश्व हास्य दिवस’ पर डंडा तना है, क्योंकि भाजपाराज में हँसना मना है, चेतावनी: हँसने का जोखिम ख़ुद उठाएं, सरकार की कोई ज़िम्मेदारी नहीं है। #WorldLaughterDay यह पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है और विभिन्न राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का विषय बनी हुई है।
हास्य में छिपा राजनीतिक संदेश
सपा प्रमुख का यह ट्वीट, जहां एक ओर हास्य दिवस को चिन्हित करता है, तो वहीं दूसरी ओर इसे राजनीतिक असंतोष और जनता के मौलिक अधिकारों की सीमाओं पर टिप्पणी के रूप में भी देखा जा रहा है। उन्होंने अपने चिर-परिचित व्यंग्यात्मक अंदाज़ में सरकार पर निशाना साधते हुए संकेत दिया कि भाजपा के शासन में आम लोगों के बोलने, हँसने, सवाल उठाने जैसी आज़ादियों पर प्रतिबंध जैसा माहौल बन गया है। इसके बाद सोशल मीडिया पर भाजपा और सपा समर्थकों के बीच बहस तेज हो गई है। जहां समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता अखिलेश यादव के इस तंज को जनता की भावनाओं की आवाज बता रहे हैं,तो वहीं भाजपा समर्थकों ने भी टिप्पणी की।
हर साल मनाया जाता है विश्व हास्य दिवस
विश्व हास्य दिवस की पृष्ठभूमि हर साल मई महीने के पहले रविवार को विश्व हास्य दिवस (World Laughter Day) मनाया जाता है। जिसका उद्देश्य तनाव मुक्त समाज की स्थापना और हँसी के महत्व को उजागर करना होता है। ऐसे मौके पर राजनीतिक कटाक्ष करने का यह अंदाज सोशल मीडिया युग में एक आम परिपाटी बन चुकी है।
