बरेली : यूपी के बरेली में ठंड बढ़ती ही जा रही है। शनिवार को पूरे दिन सूरज नजर नहीं आया। जिसके चलते ठंड के साथ शीतलहर और गलन ने लोगों की कपकंपी बंधा दी है। मगर, भीषण ठंड और घने कोहरे के चलते जिला प्रशासन ने स्कूली बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखकर बड़ा निर्णय लिया है। डीएम के निर्देश पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने बरेली जिले में कक्षा 1 से 8 तक के सभी विद्यालयों में दो दिन का अवकाश घोषित किया है।
किन स्कूलों में रहेगा अवकाश

यह अवकाश जनपद के सभी परिषदीय विद्यालयों, मान्यता प्राप्त, बोर्ड से संबद्ध और अशासकीय सहायता प्राप्त स्कूलों में पढ़ने वाले कक्षा 1 से 8 तक के छात्र-छात्राओं पर लागू होगा।
कब तक बंद रहेंगे स्कूल
जिला प्रशासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार, 29 दिसंबर 2025 और 30 दिसंबर 2025 को विद्यार्थियों के लिए अवकाश रहेगा। इस अवधि में बच्चों को स्कूल नहीं बुलाया जाएगा, ताकि ठंड और कोहरे से उनके स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव न पड़े।
शिक्षकों को दिए ये निर्देश
हालांकि छात्रों को छुट्टी दी गई है, लेकिन सभी शिक्षक और शिक्षिकाओं को विद्यालय में उपस्थित रहना अनिवार्य होगा। उन्हें सुबह 10:00 बजे से दोपहर 3:00 बजे तक स्कूल में रहकर यू-डायस, आपार आईडी सहित अन्य प्रशासकीय और विभागीय कार्यों का निस्तारण करना होगा।
आदेश का सख्ती से पालन
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। लगातार बढ़ती ठंड को देखते हुए अभिभावकों ने भी प्रशासन के इस फैसले का स्वागत किया है।
