बरेली: प्रयागराज में आयोजित होने वाले माघ मेला को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने यात्रियों के लिए एक अहम फैसला लिया है। श्रद्धालु रेल यात्रियों की सुविधा के लिए पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल द्वारा लालकुआं से झूसी के बीच माघ मेला विशेष ट्रेन चलाई जा रही है। यह विशेष ट्रेन 30 दिसंबर, 2025 को संचालित होगी, जिससे बड़ी संख्या में यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।
कई जिलों से होकर गुजरेगी स्पेशल ट्रेन
00502 नंबर की यह माघ मेला विशेष गाड़ी लालकुआं से दोपहर 3 बजे रवाना होगी। रास्ते में यह भोजीपुरा, पीलीभीत, पूरनपुर, मैलानी, लखीमपुर, सीतापुर, बुढ़वल, गोण्डा, बस्ती, गोरखपुर, देवरिया, बेल्थरा रोड, मऊ, औड़ीहार, वाराणसी सिटी, वाराणसी जंक्शन, बनारस, माधोसिंह और ज्ञानपुर रोड जैसे प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी।
सुबह प्रयागराज पहुंचेगी ट्रेन
यह विशेष गाड़ी अगले दिन सुबह करीब 10:15 बजे प्रयागराज पहुंचेगी, जिससे माघ मेला में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं को समय पर पहुंचने में आसानी होगी।
अनारक्षित कोचों की व्यवस्था
रेलवे प्रशासन ने इस ट्रेन में कुल 16 कोच लगाए हैं। इनमें 14 साधारण द्वितीय श्रेणी और शयनयान कोच के साथ 2 एसएलआर कोच शामिल हैं। खास बात यह है कि इस गाड़ी के सभी कोच अनारक्षित होंगे, जिससे सामान्य यात्रियों को टिकट की चिंता नहीं करनी पड़ेगी।
श्रद्धालुओं के लिए बड़ी राहत
रेलवे का यह कदम माघ मेला में आने-जाने वाले यात्रियों के लिए बड़ी राहत माना जा रहा है। खासकर उत्तराखंड, तराई और पूर्वांचल क्षेत्र के यात्रियों को इस विशेष ट्रेन से सीधा फायदा मिलेगा।
