पूर्व मुख्यमंत्री ने भाजपा सरकार पर लगाया विकास रोकने का आरोप, 2027 में समाजवादी सरकार बनना तय
लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शनिवार को कहा कि समाजवादी सरकार के कार्यकाल में उत्तर प्रदेश में जो ऐतिहासिक विकास कार्य हुए। उनकी सराहना आज देश ही नहीं, बल्कि दुनिया में हो रही है। उन्होंने भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि वर्तमान शासनकाल ने इन विकास परियोजनाओं को रोककर प्रदेश को विनाश की ओर धकेला है। उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार ने अपने कार्यकाल में लखनऊ और उत्तर प्रदेश को आधुनिकता की दिशा में अग्रसर किया। बोले, लखनऊ में विश्वस्तरीय इकाना क्रिकेट स्टेडियम का निर्माण कराया। इसमें आज अंतरराष्ट्रीय और IPL के मैच हो रहे हैं। पुलिस मुख्यालय की सिग्नेचर बिल्डिंग बनाई। इसकी महान क्रिकेटर कपिल देव ने भी सराहना की। जनेश्वर मिश्र पार्क, जो एशिया का सबसे बड़ा हरित पार्क है। गोमती रिवरफ्रंट, जो शहर को नई पहचान देता है। लखनऊ मेट्रो रेल, जिसने राजधानी को मेट्रो सिटी की श्रेणी में खड़ा किया। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे, देश का पहला ऐसा एक्सप्रेस-वे जिस पर सेना के लड़ाकू विमान उतारे जा सकते हैं। पूर्व सीएम ने कहा कि “आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे का निर्माण रिकॉर्ड 23 महीनों में किया गया। जब इसका उद्घाटन हुआ था, तब सुखोई, मिराज और मालवाहक हरक्यूलिस जैसे विमान यहां उतारे गए थे। यह समाजवादी सोच और तकनीकी दक्षता का प्रतीक है।”
आईटी सिटी और युवाओं को रोजगार
उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार में निर्मित आईटी सिटी में देश-विदेश की कई कंपनियां काम कर रही हैं,ल। यहां हजारों पढ़े-लिखे नौजवानों को रोजगार मिला है। इसके अलावा, किसानों के लिए मंडियों का निर्माण, दुग्ध प्रसंस्करण प्लांट, और जिलों को जोड़ने के लिए फोरलेन सड़कों का जाल भी समाजवादी सरकार की देन है।
भाजपा सरकार पर सीधा हमला
पूर्व मुख्यमंत्री ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि “भाजपा सरकार ने समाजवादी सरकार द्वारा शुरू किए गए विकास कार्यों को रोक दिया। उसने कुछ नया नहीं किया, बल्कि पूर्व की उपलब्धियों को बर्बाद किया। भाजपा केवल दिखावे और झूठे प्रचार में माहिर है। वास्तविक विकास से उसका कोई लेना-देना नहीं।”
2027 में समाजवादी सरकार की वापसी की तय
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि जनता अब भाजपा से तंग आ चुकी है और 2027 में एक बार फिर समाजवादी पार्टी की सरकार बनने का इंतजार कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि उनकी पार्टी सत्ता में लौटकर विकास के रुके कार्यों को फिर से शुरू करेगी और प्रदेश को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगी।
