बरेली: संगठित अपराध के खिलाफ पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई की है। हत्या, मारपीट, मादक पदार्थों की तस्करी, लूट और छिनैती जैसे गंभीर अपराधों में शामिल चार आपराधिक गिरोहों के कुल 21 अपराधियों का गैंग पंजीकरण किया गया है। इसके साथ ही एक कुख्यात अपराधी को माफिया घोषित कर उसकी गतिविधियों पर निगरानी बढ़ा दी गई है।
इन थानों की रिपोर्ट पर हुई कार्रवाई
इज्जतनगर, भमौरा, सुभाषनगर और बारादरी थानों की रिपोर्ट के आधार पर यह कार्रवाई की गई है। पुलिस का कहना है कि सभी गिरोह आर्थिक और भौतिक लाभ के लिए लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में लिप्त थे।
मादक पदार्थ तस्करी में सक्रिय दो गिरोह
पुलिस के अनुसार, इज्जतनगर थाना क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े गिरोह का नेतृत्व अकरम कर रहा था, जबकि उसके साथ आसिफ, हारून और जावेद शामिल थे। वहीं भमौरा थाना क्षेत्र में सक्रिय दूसरे गिरोह का लीडर वीरेंद्र है, जिसके साथ राजवीर भी आपराधिक गतिविधियों में शामिल पाया गया।
लूट और छिनैती करने वाला गिरोह
सुभाषनगर थाना क्षेत्र में लूट और छिनैती की घटनाओं को अंजाम देने वाले गिरोह का नेतृत्व विक्की दिवाकर कर रहा था। इस गिरोह में विकास उर्फ विक्कू, रोहित और गंगाधर भी शामिल हैं, जिन पर कई मामलों में संलिप्तता सामने आई है।
हत्या और मारपीट में लिप्त गिरोह
बारादरी थाना क्षेत्र में हत्या और मारपीट जैसे गंभीर अपराधों में शामिल गिरोह का लीडर निशांत सोनकर उर्फ बिहारी है। उसके साथ चंदन, अभय, राजा उर्फ कपिल, समीर, शेखर , नैतिक सोनकर और अनस उर्फ मुलायम इस गिरोह का हिस्सा बताए गए हैं।
एक अपराधी माफिया घोषित
पुलिस ने इसके अलावा मोहम्मद रजा उर्फ लल्ला गद्दी को जनपद स्तर पर माफिया घोषित किया है। उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, रंगदारी, मारपीट और आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। माफिया घोषित होने के बाद उसकी गतिविधियों और संपत्तियों पर कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई जल्द
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक गैंग पंजीकरण के बाद अब सभी आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि संगठित अपराधियों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
