बरेली : हनुमान दल के जिला उपाध्यक्ष गौरव गोस्वामी हत्याकांड में बरेली पुलिस ने बड़ा और सख्त कदम उठाया है। बारादरी थाना क्षेत्र में हुई इस सनसनीखेज हत्या के आरोपियों के खिलाफ अब गैंग पंजीकरण कर दिया गया है। एसएसपी अनुराग आर्य के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई है।शहर के बारादरी थाना पुलिस की आख्या पर सीओ तृतीय और एसपी सिटी ने संस्तुति दी। इसके बाद हत्यारोपियों का गैंग पंजीकरण कराया गया। पुलिस ने इस गैंग का लीडर निशांत सोनकर को घोषित किया है। इंस्पेक्टर बारादरी धनंजय पांडे ने The Justice HINDI को बताया कि गैंग पंजीकरण की कार्रवाई की गई है।
11 सितंबर को हुई थी हत्या
शहर के बारादरी इलाके में गौरव गोस्वामी, निवासी विशारतगंज वार्ड सात, की 11 सितंबर को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस घटना से इलाके में भारी आक्रोश फैल गया था। हत्या के बाद मृतक के पिता छोटेलाल ने बारादरी थाने में निशांत उर्फ बिहारी समेत आठ लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
आरोपियों के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल
पुलिस जांच के दौरान गैंग लीडर निशांत सोनकर को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से तमंचा (आला-ए-कत्ल) बरामद हुआ। हत्यारोपी शेखर को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया। इसके बाद पुलिस ने निशांत, चंदन, अभय, राजा, समीर, शेखर, नैतिक और अनस के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया।
गैंगस्टर एक्ट की तैयारी
अब पुलिस ने सभी आरोपियों का गैंग पंजीकरण कर लिया है। अधिकारियों के मुताबिक, बारादरी थाना पुलिस जल्द ही गैंगस्टर एक्ट के तहत नई रिपोर्ट दर्ज कर सकती है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि “संगठित अपराध और आपराधिक गिरोहों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।”गैंग पंजीकरण के बाद आरोपियों पर कानूनी शिकंजा और कसने की तैयारी है।
