नकाब हटाकर नौकरी वाले बयान पर भड़कीं महिलाएं, कलेक्ट्रेट गेट पर जोरदार प्रदर्शन
बरेली : महिलाओं को लेकर दिए गए कथित अमर्यादित बयान के बाद उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री संजय निषाद भारी विवादों में घिरते नजर आ रहे हैं। बिहार में महिलाओं से जुड़ा “नकाब हटाकर नौकरी” वाला बयान सामने आने के बाद बरेली में महिलाओं का गुस्सा सड़कों पर फूट पड़ा। बुधवार को बड़ी संख्या में महिलाएं कलेक्ट्रेट गेट पर एकत्र हुईं और मंत्री संजय निषाद के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने मंत्री का पुतला फूंका, नारेबाजी की और उनके तत्काल इस्तीफे की मांग की।
महिलाओं की गरिमा पर हमला बताया बयान
इस विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहीं समाज सेविका समयुन खान ने मंत्री के बयान को महिलाओं की गरिमा और सम्मान पर सीधा हमला बताया। उन्होंने कहा कि “इस तरह के गैर- जिम्मेदाराना और असंवेदनशील बयान समाज में गलत संदेश देते हैं और महिलाओं के भीतर असुरक्षा की भावना को बढ़ाते हैं।”समयुन खान ने साफ शब्दों में कहा कि सत्ता में बैठे लोगों से ऐसी भाषा की उम्मीद नहीं की जा सकती, जो देश की आधी आबादी के सम्मान को ठेस पहुंचाए।
राष्ट्रपति के नाम सौंपा चार सूत्रीय ज्ञापन
प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने महामहिम राष्ट्रपति के नाम संबोधित एक चार सूत्रीय ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा। ज्ञापन में कहा गया कि मंत्री संजय निषाद के बयान से देश की बेटियों की अस्मिता को गहरी चोट पहुंची है। महिलाओं ने मांग की कि मंत्री के बयान की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए। उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई हो। महिलाओं के सम्मान के खिलाफ इस तरह के बयानों पर जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जाए
“ऐसे नेताओं पर कठोर कार्रवाई जरूरी”
समयुन खान ने दो टूक कहा “जब सत्ता में बैठे लोग महिलाओं के लिए इस तरह की भाषा का इस्तेमाल करते हैं, तो आम महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान पर सवाल उठना लाज़िमी है। ऐसे नेताओं पर कठोर कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि भविष्य में कोई भी जनप्रतिनिधि इस तरह की सोच जाहिर करने की हिम्मत न करे।”प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और साफ संदेश दिया कि महिलाओं के सम्मान से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
