रामगंगा नगर और ग्रेटर बरेली योजना में जबरदस्त रिस्पॉन्स, नई टाउनशिप की तैयारी तेज
बरेली : बरेली विकास प्राधिकरण (BDA) को बुधवार को बड़ी वित्तीय सफलता मिली। प्राधिकरण के नवीन कार्यालय भवन में आयोजित लॉटरी ड्रा के माध्यम से रामगंगा नगर आवासीय योजना और ग्रेटर बरेली आवासीय योजना के विभिन्न सेक्टरों में स्थित आवासीय भूखंडों व स्काई-वे अपार्टमेंट के फ्लैटों का आवंटन किया गया। इस प्रक्रिया से प्राधिकरण को लगभग 50 करोड़ रुपये की आय प्राप्त हुई है। BDA द्वारा आयोजित विशेष आवंटन शिविर में विभिन्न श्रेणी और क्षेत्रफल के कुल 98 आवासीय भूखंडों का आवंटन लॉटरी के जरिए किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में आवेदक मौजूद रहे। आवंटन प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी रखा गया। इस मौके पर सचिव वंदिता श्रीवास्तव, मुख्य वित्त एवं लेखाधिकारी शिवधनी सिंह यादव, संयुक्त सचिव दीपक कुमार, विशेष कार्याधिकारी नीलम श्रीवास्तव, विशेष कार्याधिकारी अजीत कुमार और अधिशासी अभियंता एपीएन सिंह समेत कई अधिकारी उपस्थित रहे।
नई टाउनशिप के लिए भूमि अर्जन प्रक्रिया शुरू
रामगंगा नगर और ग्रेटर बरेली आवासीय योजनाओं के सफल विकास के बाद, BDA ने बरेली और आसपास के जिलों की बढ़ती आवासीय जरूरतों को देखते हुए दिल्ली-लखनऊ बड़े बाईपास और पीलीभीत बाईपास के किनारे लगभग 267 हेक्टेयर क्षेत्रफल में एक नई आधुनिक टाउनशिप विकसित करने की तैयारी शुरू कर दी है। इसके लिए भूमि अर्जन की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।
आधुनिक सुविधाओं से लैस होगी नई योजना
नई टाउनशिप में 45 मीटर और 30 मीटर चौड़ी जोनल सड़कें, जबकि आंतरिक सड़कों की चौड़ाई 18 मीटर तक रखी जाएगी। सभी बिजली लाइनें भूमिगत होंगी और योजना क्षेत्र में ही 132 केवीए का विद्युत उपकेंद्र प्रस्तावित किया गया है। इसके साथ ही एम्यूजमेंट पार्क, कम्युनिटी सेंटर समेत कई आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
31 दिसंबर तक खुला है डिमांड सर्वे
BDA ने नई टाउनशिप योजना के लिए डिमांड सर्वे खोल दिया है। इसकी अंतिम तिथि 31 दिसंबर 2025 निर्धारित की गई है। इच्छुक आवेदक एचडीएफसी बैंक, एग्जीक्यूटिव क्लब रोड से आवेदन पत्र प्राप्त कर सकते हैं या फिर bdainfo.org वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
