20 मिनट आसमान में मंडराया विमान, फिर दिल्ली डायवर्ट, गुरुवार की उड़ानों पर भी संशय
बरेली : घने कोहरे ने बरेली की हवाई सेवाओं को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। लगातार दूसरे दिन खराब दृश्यता के चलते बरेली एयरपोर्ट से उड़ानों का संचालन ठप हो गया। बुधवार को बरेली-मुंबई और मुंबई- बरेली दोनों उड़ानें निरस्त कर दी गईं। जिससे कुल 461 यात्री प्रभावित हुए, तो वहीं बृहस्पतिवार की उड़ानों को लेकर भी संशय बना हुआ है।
बेंगलुरु से बरेली आ रही फ्लाइट दिल्ली डायवर्ट
मंगलवार को बंगलूरू से बरेली आ रही इंडिगो की फ्लाइट को कोहरे के कारण बरेली में लैंडिंग की अनुमति नहीं मिल सकी। विमान करीब 20 मिनट तक बरेली एयरपोर्ट के आसमान में मंडराता रहा, लेकिन दृश्यता अत्यंत कम होने के कारण पायलट को दिल्ली एयरपोर्ट पर विमान डायवर्ट करना पड़ा। इस उड़ान के निरस्त होने से 471 यात्री प्रभावित हुए थे।
एक दिन में दो उड़ानें निरस्त, 461 यात्री परेशान
बुधवार को मुंबई से बरेली आने वाली फ्लाइट में 223 यात्रियों की बुकिंग थी, जबकि बरेली से मुंबई जाने वाली फ्लाइट में 234 यात्रियों को यात्रा करनी थी। लेकिन घने कोहरे और कम दृश्यता के कारण दोनों उड़ानों को रद्द करना पड़ा। भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI), सिविल एन्क्लेव बरेली के निदेशक अवधेश अग्रवाल ने बताया कि “दृश्यता बेहद कम होने के कारण मुंबई से बरेली के लिए विमान उड़ान नहीं भर सका। इसी वजह से बरेली से मुंबई जाने वाली उड़ान भी निरस्त करनी पड़ी। एक ही दिन में दो उड़ानें रद्द होने से 461 यात्री प्रभावित हुए हैं।”
बृहस्पतिवार की उड़ान पर भी असमंजस
एयरपोर्ट प्रशासन के अनुसार, मौसम की स्थिति में सुधार नहीं होने के कारण बृहस्पतिवार की उड़ानों को लेकर भी स्थिति स्पष्ट नहीं है। घना कोहरा बने रहने की स्थिति में आगे भी उड़ानों के निरस्त होने की आशंका जताई जा रही है।
इंडिगो ने शुरू की रिफंड प्रक्रिया
निरस्त की गई उड़ानों के यात्रियों के लिए इंडिगो एयरलाइंस ने किराया रिफंड करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। यात्रियों को वैकल्पिक तारीखों पर यात्रा या पूर्ण रिफंड का विकल्प दिया जा रहा है।
दो दिन से घने कोहरे की चपेट में बरेली
गौरतलब है कि बरेली में बीते दो दिनों से घना कोहरा छाया हुआ है। बुधवार को दिनभर धूप नहीं निकली, जिससे दृश्यता बेहद कम बनी रही। इसका सीधा असर हवाई, सड़क और रेल यातायात पर देखने को मिला।
