अमरोहा: गजरौला थाना पुलिस ने दुष्कर्म के झूठे मुकदमे में फंसाने, युवक को बंधक बनाने और जबरन वसूली करने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए एक पीआरडी जवान, दो हिस्ट्रीशीटर और एक महिला को गिरफ्तार किया है। इस मामले में हापुड़ जिले के सिंभावली थाने में तैनात एक दरोगा समेत दो आरोपी अभी फरार हैं।
पीड़ित ने दर्ज कराई थी शिकायत
संभल जिले के एचौड़ा कंबोह थाना क्षेत्र के गांव सलेमपुर सलार उर्फ हाजीपुर निवासी नईम ने गजरौला थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। नईम का आरोप था कि उसे झूठे रेप केस में फंसाने की धमकी देकर बंधक बनाया गया और उससे 1 लाख 25 हजार रुपये की जबरन वसूली की गई।
दरोगा और महिला पर गंभीर आरोप
शिकायत में आरोप लगाया गया कि हापुड़ के सिंभावली थाने में तैनात दरोगा नितिन कुमार वर्मा, दो कांस्टेबल और एक महिला ने मिलकर उसे दुष्कर्म के झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी और इसी दबाव में रकम वसूली गई।
CCTV फुटेज से खुला मामला
गजरौला पुलिस ने मामले की जांच करते हुए सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसके आधार पर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों में हिस्ट्रीशीटर खालिद, हिस्ट्रीशीटर दीपक, पीआरडी जवान लाखन और महिला कौशर शामिल हैं।
दरोगा समेत दो आरोपी फरार
पुलिस के मुताबिक, इस मामले में दरोगा नितिन कुमार वर्मा और गजरौला निवासी नवीन वर्मा अभी फरार हैं। दोनों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
एसपी ने किया खुलासा
एसपी अमरोहा अमित कुमार आनंद ने पूरे मामले का खुलासा करते हुए बताया कि गिरफ्तार चारों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि फरार आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। एसपी ने यह भी बताया कि पकड़े गए दोनों हिस्ट्रीशीटरों के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
